बागेश्वर-बागेश्वर जिले के कपकोट स्थित केदारेश्वर मैदान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन भव्य जन सम्मेलन में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर उनका माल्यार्पण कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उपस्थित विशाल जनसमूह ने उत्साहपूर्वक मुख्यमंत्री का अभिवादन किया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया। जनसभा की शुरुआत स्कूली बच्चों की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई, जिसने कार्यक्रम में ऊर्जा और आकर्षण भर दिया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने इस अवसर पर बागेश्वर जनपद के विकास को एक नई गति देते हुए लगभग 108 करोड़ रुपये की 42 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 62 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का लोकार्पण तथा 45.95 करोड़ रुपये की 18 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। उन्होंने कहा कि जनता की इतनी बड़ी उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि उत्तराखंड सरकार विकास के सही मार्ग पर आगे बढ़ रही है और जनता राज्य सरकार के कार्यों पर विश्वास करती है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीब, महिलाओं और युवाओं के लिए सरकार लगातार कल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतार रही है। उन्होंने ‘मानस खंड माला’ परियोजना के तहत धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की जानकारी साझा की। मुख्यमंत्री ने आगे बताया कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार नई पहल कर रही है, जिससे वर्षभर पर्यटकों का आगमन बना रहेगा और स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन होगा। उन्होंने कहा कि सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर कार्य कर रही है तथा वन डिस्ट्रिक्ट–टू प्रोडक्ट योजना के तहत बागेश्वर की पारंपरिक ताम्र शिल्प को राष्ट्रीय पहचान मिली है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरयू एवं गोमती नदियों के संरक्षण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं तथा बागेश्वर रेल लाइन का सर्वेक्षण भी पूर्ण हो चुका है, जो क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि गरुड़ अस्पताल को उच्चीकृत किया जाएगा, जिससे स्थानीय जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्वायत सहकारिता समूहों और स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय सहायता के चेक भी वितरित किए गए। इनमें संकल्प स्वायत सहकारिता समूह सीएलएफ (हर्षिला) को ₹3 करोड़ 23 लाख, ऊर्जा स्वायत सहकारिता सीएलएफ को ₹22 लाख 50 हजार, जबकि एनआरएलएम की संवाद महिला स्वयं सहायता समूह तथा जय गोलू देवता स्वयं सहायता समूह को ₹5-5 लाख की सहायता प्रदान की गई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, कपकोट विधायक सुरेश गड़िया, बागेश्वर विधायक पार्वती दास, दर्जा राज्यमंत्री भूपेश उपाध्याय सहित शिव सिंह विष्ट, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विशाखा खेतवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौरयाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गड़िया, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
More Stories
जनगणना 2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन सक्रिय, एचएलबीसी पोर्टल पर कार्यों की समीक्षा
कौसानी चाय को राष्ट्रीय पहचान दिलाने की तैयारी, स्थानीय स्तर पर शुरू हुई पैकेजिंग
बागेश्वर में मेडिकल स्टोर्स पर बड़ी कार्रवाई: दो की दवा बिक्री पर रोक, एक लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति