चम्पावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को जनपद चम्पावत के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जनपद के समग्र विकास को गति देने और जनकल्याण के साथ ही आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए।
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री गांधी चौक पहुंचे। वहां उन्होंने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने गांधी चौक पर स्थापित किए गए 30 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का विधिवत अनावरण किया।
एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा केवल एक प्रतीक नहीं है, बल्कि यह देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का द्योतक है। यह प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रसेवा की भावना जागृत करता है और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनता है।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास और समृद्धि के नए लक्ष्य स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि चम्पावत को “आदर्श जनपद” बनाने का संकल्प इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। जनपद में 117 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गोलज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए जिला चिकित्सालय में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का आधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त, 5 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय निवासियों को उपचार के लिए अब बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
शिक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 57 करोड़ रुपये की लागत से साइंस सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। यह सेंटर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के वर्तमान युग में बच्चों को आधुनिक ज्ञान से जोड़ेगा और उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के नए अवसर उत्पन्न होंगे।
खेल के क्षेत्र में बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लोहाघाट में 257 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है। इसके अलावा, भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट का निर्माण और बुजुर्गों के लिए 8.99 करोड़ रुपये की लागत से वृद्धाश्रम भवन का निर्माण कार्य भी जारी है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार विकास योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कुल 3682.91 लाख रुपये (36.82 करोड़ रुपये) की 17 विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 711.66 लाख रुपये की लागत वाली चार योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। इन लोकार्पित योजनाओं में टाक खंदक-करौली मोटर मार्ग का सुधारीकरण, कलेक्ट्रेट परिसर में कार्यालय सह पार्किंग का निर्माण, लोहाघाट स्थित ऋश्वेश्वर मंदिर के समीप सरफेस पार्किंग तथा गांधी चौक में 13 मीटर ऊँचे हाई मास्ट राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना प्रमुख है।
वहीं, 2971.25 लाख रुपये की 13 योजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इन शिलान्यास की गई परियोजनाओं में सड़क संपर्क को मजबूत करने के लिए दुधोरी-भनौली मार्ग, बसौटी-रोकुंवर मार्ग, राजकीय इंटर कॉलेज मंच तक सड़क निर्माण तथा घटोत्कच मंदिर से झाली मंदिर तक डामरीकरण कार्य की आधारशिला रखी गई। इसके अतिरिक्त, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षात्मक कार्य, रैगांव, रोजल एवं वर्धा खान में आयुर्वेदिक चिकित्सालयों का निर्माण, खेतीखान में मल्टी लेवल पार्किंग का निर्माण, दूरस्थ क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की स्थापना, स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय लोहाघाट में जलापूर्ति में सुधार, ग्राम पंचायत होली पिपलाती में मार्ग निर्माण तथा रीठा साहिब क्षेत्र में वन्य जीव अभ्यारण्य प्रशिक्षण रूट का निर्माण भी सम्मिलित है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इन विकास योजनाओं से चम्पावत के दूरस्थ क्षेत्रों तक लाभ पहुंचेगा और जनपद तेजी से “आदर्श जनपद” के रूप में विकसित होगा।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, चंपावत नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडेय, लोहाघाट गोविंद वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, प्रदेश मंत्री निर्मल महारा, चंपावत विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, टनकपुर दीपक रजवार, पूर्व विधायक लोहाघाट पूरन फर्त्याल, भाजपा महामंत्री मुकेश कलखुड़िया उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती, व्यापार मंडल अध्यक्ष विकास शाह, सतीश पांडे, कैलाश अधिकारी, सूरज प्रहरी, सुनील पुनेठा, हेमा जोशी के साथ नगर पालिका चंपावत के सभासद, जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, भूतपूर्व सैनिक, वीर नारियां तथा नागरिक भी मौजूद थे।
More Stories
चंपावत: आपदा प्रबंधन बैठक में नदी कटाव और जलभराव पर मंथन, चैनलाइजेशन के निर्देश
आईटीबीपी-पशुपालन विभाग समझौता: पशुपालकों को ₹71,400 की आय
उत्तराखंड के युवाओं के लिए विदेश में रोजगार के अवसर, विशेष प्रशिक्षण पहल