अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देश पर विकासखंड हवालबाग के आंगनवाड़ी केंद्र मटेला में बच्चों को वितरित किए जा रहे अंडों की गुणवत्ता की जांच की गई। एक प्रकाशित समाचार और प्राप्त शिकायत के मद्देनजर, बाल विकास के जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद ने केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण में बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर, संबंधित अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। केंद्र पर उपलब्ध पोषाहार की गहन जांच हुई। इस दौरान केंद्र में उपस्थित सभी लाभार्थियों और अभिभावकों से जानकारी ली गई। लाभार्थियों ने स्पष्ट बताया कि केंद्र में वितरित अंडे सही एवं उपयोग योग्य हैं, तथा गुणवत्ता संबंधी कोई समस्या नहीं है।
जांच दल ने ग्राम प्रधान और शिकायतकर्ता द्वारा उठाए गए बिंदुओं का परीक्षण किया। केंद्र में उपलब्ध अंडों का मौके पर सत्यापन कराया गया, जिसमें वे पूर्णतः ठीक पाए गए। उपस्थित लाभार्थियों ने भी अंडों की गुणवत्ता को सही बताया और किसी प्रकार की अनियमितता से इनकार किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी पीताम्बर प्रसाद ने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में प्रकाशित समाचार में लगाए गए आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग द्वारा पोषाहार की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित निगरानी की जाती है। किसी भी शिकायत पर तत्काल जांच कर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि कोई भी सूचना या शिकायत तथ्यों के आधार पर ही प्रस्तुत करें, ताकि अनावश्यक भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
More Stories
अल्मोड़ा में पेट्रोल की कमी की खबरों पर प्रशासन का रुख स्पष्ट, आपूर्ति जल्द होगी सामान्य
अल्मोड़ा में जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था और राजस्व वसूली कार्यों की समीक्षा की
स्याल्दे बिखौती मेला: अल्मोड़ा की पाली पछाऊं घाटी में लोक संस्कृति का शंखनाद, चार दिनों तक बिखरेगी सांस्कृतिक छटा