April 18, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

UK: हल्द्वानी में ज्वैलरी शोरूम पर फिल्मी अंदाज़ में बड़ी चोरी, दीवार काटकर उड़ाए सवा करोड़ के जेवर

हल्द्वानी – हल्द्वानी में चोरों ने सुनियोजित तरीके से बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए ज्वैलरी शोरूम की दीवार काटकर सवा करोड़ रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना कुसुमखेड़ा चौराहे के पास स्थित राधिका ज्वैलर्स में शुक्रवार रात की बताई जा रही है। साप्ताहिक बंदी के चलते शनिवार को दुकान बंद रही, जबकि रविवार सुबह जब संचालक दुकान पहुंचे तो चोरी का खुलासा हुआ।

जानकारी के अनुसार, चोर बगल की दुकान की दीवार काटकर ज्वैलरी शोरूम में दाखिल हुए। तिजोरी तोड़ने के लिए वेल्डिंग मशीन का इस्तेमाल किया गया। सीसीटीवी फुटेज में पांच से छह संदिग्ध जेवरात और अन्य सामान ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष का दावा है कि चोर करीब 20 से 25 किलो चांदी, 300 से 400 ग्राम सोना और नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात के खिलाफ चोरी व गृहभेदन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। आसपास की दुकानों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इस बड़ी चोरी की घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।