April 18, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

हल्द्वानी से हरिद्वार तक बनेगा एलिवेटेड रोड, लालकुआं बाईपास की DPR शुरू — सांसद अजय भट्ट की बड़ी घोषणा

नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने कुमाऊं के लोगों को बड़ी राहत देते हुए बताया कि हल्द्वानी से हरिद्वार तक एलिवेटेड रोड निर्माण की प्रक्रिया को राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की मंजूरी मिल गई है। विभाग ने इस परियोजना की DPR (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। DPR पूरी होते ही सड़क निर्माण के लिए टेंडर आमंत्रित किए जाएंगे। सांसद भट्ट ने बताया कि यह एलिवेटेड रोड बन जाने के बाद हल्द्वानी से हरिद्वार की दूरी तय करने में लगने वाला समय घटकर केवल दो से ढाई घंटे रह जाएगा, जिससे कुमाऊं क्षेत्र और आसपास के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। यह मार्ग न सिर्फ यात्रियों की यात्रा को सुगम बनाएगा, बल्कि कुमाऊं पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए भी बेहद लाभकारी साबित होगा।

इसी कड़ी में सांसद अजय भट्ट ने लालकुआं क्षेत्र के लिए भी बड़ी खुशखबरी दी। उन्होंने बताया कि लालकुआं बाईपास निर्माण के लिए DPR तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और इसके लिए टेंडर भी जारी किए जा चुके हैं। बाईपास बनने के बाद लालकुआं में बढ़ता यातायात दबाव कम होगा और भारी वाहनों से लेकर आम आवागमन तक सबके लिए सड़क यात्रा और भी सुगम हो जाएगी।

सांसद भट्ट ने कहा कि हल्द्वानी–हरिद्वार एलिवेटेड रोड और लालकुआं बाईपास—दोनों ही परियोजनाएँ कुमाऊं क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगी। इनके पूरा होने से धार्मिक, पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी तथा क्षेत्रीय विकास को बड़ा प्रोत्साहन प्राप्त होगा।