April 18, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

“आख़िर कौन उठा ले गया बिग बॉस 19 की ट्रॉफी? नाम जानकर आप चौंक जाएंगे!”

सार-‘बिग बॉस 19’ के विजेता का ऐलान हो चुका है और इस बार ट्रॉफी अपने नाम की है टीवी एक्टर गौरव खन्ना ने, जिन्हें दर्शक ‘अनुपमा’ में अनुज कपाड़िया के रूप में अच्छी तरह जानते हैं। शो में उनकी एंट्री भले ही देर से हुई, लेकिन आते ही उन्होंने ऐसा खेल दिखाया कि कम समय में ही दर्शकों और घरवालों दोनों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। गौरव इससे पहले ‘सेलिब्रिटी मास्टरशेफ इंडिया सीजन 1’ भी जीत चुके हैं। घर में एंट्री के वक्त सलमान खान ने उनका मजाक उड़ाया था, लेकिन गौरव ने हिम्मत नहीं हारी और शुरुआत से ही पॉजिटिव ग्रुप के लीडर बनकर खेल में अपनी पकड़ मजबूत कर ली। उनकी टीम में प्रणित मोरे, अभिषेक बजाज, अशनूर कौर, अवेज़ दरबार और नगमा मिराजकर शामिल रहे। पहले कैप्टेंसी टास्क के दौरान कुणिका सदानंद से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई, लेकिन बाद में कुणिका ने कैप्टेंसी छोड़ दी। शो के दौरान गौरव ने फरहाना भट्ट सहित कई कंटेस्टेंट्स को सही दिशा दिखाने की कोशिश भी की।

हालांकि शो का सफर उनके लिए आसान नहीं था। कई कंटेस्टेंट्स ने आरोप लगाया कि वह बहुत शोर करते हैं और जल्दी हार मान लेते हैं। खुद सलमान खान ने वीकेंड के वार में उनसे पूछा, “तुम यहां क्या कर रहे हो?” लेकिन इस सवाल ने गौरव को और मजबूत बना दिया। उन्होंने शांत रहकर बड़ी–बड़ी चुनौतियों पर जीत दर्ज की और ‘टिकट टू फिनाले’ टास्क जीतकर सीधे फाइनल में पहुंचे। यही नहीं, वह घर के कप्तान भी बने। फिनाले के आखिरी दो हफ्तों में पूरा घर उनकी रणनीति और गेमप्ले के इर्द–गिर्द घूमता नजर आया। टॉप 5 में गौरव खन्ना, प्रणित मोरे, तान्या मित्तल, अमाल मलिक और फरहाना भट्ट शामिल थे, लेकिन दर्शकों ने सबसे अधिक समर्थन गौरव को दिया और वह ‘बिग बॉस 19’ के विनर बन गए।

गौरव खन्ना का जन्म 11 दिसंबर 1981 को कानपुर में हुआ। टीवी इंडस्ट्री में उन्हें ‘अनुपमा’ के अनुज कपाड़िया की लोकप्रिय भूमिका ने नई पहचान दी, जिसके लिए उन्हें इंडियन टेली अवॉर्ड में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान भी मिला। अभिनय से पहले गौरव एक आईटी कंपनी में मार्केटिंग मैनेजर के रूप में काम करते थे। उनका करियर टेलीविज़न विज्ञापनों से शुरू हुआ और पहली मुख्य भूमिका उन्हें 2007 में ‘मेरी डोली तेरे अंगना’ में मिली। इसके बाद वह ‘जीवन साथी – हमसफर जिंदगी के’ में नील फर्नांडीज, ‘सीआईडी’ में इंस्पेक्टर कविन, ‘तेरे बिन’ में डॉ. अक्षय सिन्हा और ‘प्रेम या पहेली – चंद्रकांता’ में प्रिंस वीरेंद्र सिंह के किरदारों से दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुए। अभिनय, व्यक्तित्व और रणनीति—इन तीनों के दम पर गौरव खन्ना ने ‘बिग बॉस 19’ की ट्रॉफी जीतकर अपनी टीवी यात्रा में एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है।