April 18, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

चम्पावत के होनहार दीप सिंह बोहरा ने SOAR कार्यक्रम में रचा कीर्तिमान, राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

चम्पावत  – जनपद के लिए गर्व का क्षण उस समय आया, जब जवाहर नवोदय विद्यालय, चम्पावत के कक्षा 8 के छात्र दीप सिंह बोहरा को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। भारत सरकार के SOAR (Skilling for AI Readiness) कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें भारत की माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा राष्ट्रपति भवन में सम्मान प्रदान किया गया।

SOAR कार्यक्रम, स्किल इंडिया मिशन की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य देश के छात्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (Artificial Intelligence) जैसे आधुनिक और भविष्यपरक विषयों में दक्ष बनाना है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से सशक्त करने पर केंद्रित है।

सम्मान समारोह राष्ट्रपति भवन के सांस्कृतिक केंद्र में आयोजित किया गया, जहाँ देश के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को एआई से संबंधित प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर राष्ट्रपति महोदया ने कहा कि एआई आने वाले समय में समाज को नई दिशा देने वाला क्षेत्र है और इसके लाभ सभी वर्गों तक पहुँचना आवश्यक है।

दीप सिंह बोहरा की यह उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत और प्रतिभा का परिणाम है, बल्कि यह यह भी दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी राष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब के माध्यम से किया गया, जिसे बड़ी संख्या में लोगों ने देखा।

इस अवसर पर जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने दीप सिंह बोहरा को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे जनपद के लिए प्रेरणास्रोत है और यह साबित करती है कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर ग्रामीण प्रतिभाएँ भी नई ऊँचाइयों को छू सकती हैं।

वहीं, जवाहर नवोदय विद्यालय, चम्पावत के प्राचार्य ने बताया कि दीप सिंह बोहरा का सम्मान विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और नवाचार आधारित शिक्षा प्रणाली का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विद्यालय भविष्य में भी छात्रों को आधुनिक तकनीकी कौशलों से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

दीप सिंह बोहरा की यह उपलब्धि निस्संदेह आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी और चम्पावत को राष्ट्रीय मानचित्र पर एक नई पहचान दिलाएगी।