चम्पावत: मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में, खाड़ी और मध्य पूर्व के देशों जैसे सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत, ईरान, इजराइल और ओमान में उत्पन्न वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत उत्तराखंड सरकार ने वहां निवासरत, कार्यरत अथवा फंसे राज्य के नागरिकों की सहायता हेतु त्वरित कार्रवाई की है।
मुख्य सचिव, उत्तराखंड सरकार द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में, जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार ने सूचित किया कि राज्य सरकार की ओर से गृह विभाग की विशेष सचिव निवेदिता कुकरेती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। यह व्यवस्था भारत सरकार के विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावित नागरिकों को शीघ्र सहायता और राहत प्रदान करने के उद्देश्य से स्थापित की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद के उन सभी परिवारों से अनुरोध किया है जिनके परिजन उक्त देशों में रह रहे हैं और किसी प्रकार की समस्या का सामना कर रहे हैं। ऐसे परिवार तत्काल इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराएं।
पुलिस मुख्यालय, उत्तराखंड द्वारा सहायता के लिए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर और एक ईमेल आईडी जारी की गई है। प्रभावित व्यक्ति अथवा उनके परिजन इस हेल्पलाइन के माध्यम से अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं, जिससे राज्य सरकार के स्तर पर संबंधित दूतावासों के माध्यम से उन्हें त्वरित मार्गदर्शन एवं सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके। जिलाधिकारी ने यह भी पुष्टि की कि इस चुनौतीपूर्ण समय में जिला प्रशासन और राज्य सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
समन्वय प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए, जिलाधिकारी ने बताया कि संबंधित व्यक्ति का नाम, पासपोर्ट नंबर, वर्तमान विदेशी पता, मोबाइल नंबर और उत्तराखंड का स्थायी पता जैसी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
उन्होंने जनपद के समस्त नागरिकों से अनुरोध किया कि इस जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि खाड़ी देशों में रह रहे राज्य के निवासियों को समय पर सहायता मिल सके। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में परिजन सीधे जिला प्रशासन से भी संपर्क कर सकते हैं, जिससे सूचना तत्काल राज्य सरकार एवं नोडल अधिकारी तक पहुंचाई जा सकेगी।
इसके अतिरिक्त, किसी भी सूचना हेतु नागरिक जिला आपदा परिचालन केंद्र के दूरभाष नंबरों पर भी संपर्क कर सकते हैं।
More Stories
उर्वरक आपूर्ति और कालाबाजारी रोकने के लिए जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश
जोषूड़ा में पशु चिकित्सा और जागरूकता शिविर का आयोजन
चम्पावत वाहन दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच शुरू, 20 अप्रैल तक साक्ष्य देने का अवसर