अल्मोड़ा: जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने क्वारब पहुंचकर स्लाइड जोन के सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से सुधारात्मक कार्यों की वर्तमान प्रगति और शेष कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सुधारीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यस्थल पर कार्यरत मजदूरों और मशीन ऑपरेटर्स की सुरक्षा के लिए निर्धारित मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह मार्ग अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। मार्ग की महत्ता को देखते हुए उन्होंने निर्माण और सुधारीकरण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। उन्होंने यातायात व्यवस्था को लेकर भी निर्देश दिए कि कार्यों के दौरान वाहनों का संचालन व्यवस्थित बना रहे ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके पश्चात जिलाधिकारी ने नवनिर्मित क्वारब बायपास मार्ग का भी अवलोकन किया। उन्होंने वहां चल रहे निर्माण कार्यों और उनकी गुणवत्ता की बारीकी से समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने मार्ग निर्माण से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं और प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने बताया कि क्वारब स्लाइड पॉइंट पर आने वाली भौगोलिक बाधाओं और यातायात की समस्याओं से बचने के लिए इस वैकल्पिक मार्ग का निर्माण किया गया है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बायपास मार्ग के संचालन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए ताकि यात्रियों को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने अवशेष कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के साथ-साथ मार्ग के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों के दृष्टिगत यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है, इसलिए इसका शीघ्र संचालन अनिवार्य है। इस मार्ग के चालू होने से क्वारब के मुख्य स्लाइड जोन में सुधारात्मक कार्य भी निर्बाध रूप से चलते रहेंगे और यात्रियों का आवागमन भी बना रहेगा।
इस निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
More Stories
अल्मोड़ा में जिला गंगा सुरक्षा समिति की बैठक: जिलाधिकारी ने दिए विभिन्न कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
अल्मोड़ा में वन बहाली और आजीविका संवर्धन को लेकर समीक्षा बैठक, धसपड़ ग्राम में शुरू होगा पायलट प्रोजेक्ट
स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनीं लमगड़ा की किरण बिष्ट