चम्पावत: जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में एनएचपीसी लिमिटेड द्वारा कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत जिला चिकित्सालय चम्पावत और उप जिला चिकित्सालय टनकपुर को नेत्र परीक्षण के लिए अत्याधुनिक लेंसमीटर उपकरण प्रदान किए गए हैं।
इस सुविधा के शुरू होने से जनपद के स्थानीय नागरिकों को अब अपने ही क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाली नेत्र जांच सुविधाएं प्राप्त हो सकेंगी। इससे मरीजों को जांच के लिए अन्य दूरस्थ स्थानों पर जाने की बाध्यता कम होगी और समय की बचत होगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर देवेश चौहान ने बताया कि लेंसमीटर जैसे उन्नत उपकरण के उपलब्ध होने से अब चश्मों के लेंस की पावर, गुणवत्ता और सटीकता की जांच स्थानीय स्तर पर ही पूरी की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक तकनीक के प्रयोग से नेत्र परीक्षण सेवाओं को मजबूती मिलेगी और दृष्टिदोष से जुड़ी जांच प्रक्रियाएं अधिक सुगम और सटीक हो जाएंगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि यह कदम विशेष रूप से जनपद के दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले उन नागरिकों के लिए लाभकारी होगा, जिन्हें अब तक बेहतर नेत्र उपचार के लिए विभिन्न कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। जिलाधिकारी ने एनएचपीसी लिमिटेड द्वारा जनहित में दिए गए इस सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। प्रशासन के अनुसार, इन आधुनिक उपकरणों के माध्यम से सरकारी चिकित्सालयों में स्वास्थ्य ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है ताकि आम जनता को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं सुलभ कराई जा सकें।
More Stories
लोहाघाट में जिला कराटे चैंपियनशिप शुरू, जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया
आस्था पर प्रहार नहीं सहेंगे: चारधाम यात्रा पर अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा
जनगणना 2027: स्व-गणना पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने की अंतिम तिथि 24 अप्रैल निर्धारित