April 18, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

चम्पावत में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज, तीन दिवसीय प्रशिक्षण 23 फरवरी से

चम्पावत: आगामी जनगणना–2027 के सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखण्ड के निर्देशों के अनुपालन में जनपद स्तर पर संबंधित अधिकारियों और कार्मिकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

यह प्रशिक्षण 23 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से विकास भवन सभागार, चम्पावत में आयोजित होगा। इसमें जनगणना कार्य से जुड़े जिला स्तरीय अधिकारी, उपजिलाधिकारी, चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज अधिकारी, तकनीकी सहायक तथा नामित जनगणना लिपिक प्रतिभाग करेंगे।

जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मनीष कुमार ने निर्देश दिए हैं कि सभी नामित अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित तिथियों में अनिवार्य रूप से प्रशिक्षण में प्रतिभाग सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसकी शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से जनगणना–2027 की निर्धारित प्रक्रियाओं, तकनीकी व्यवस्थाओं एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे जनपद में जनगणना कार्य सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपादित हो सके।