April 18, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

चंपावत जिला अस्पताल में लगा सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सा शिविर, 382 से अधिक मरीजों को मिला लाभ

चंपावत – जिला अस्पताल में सोमवार को पहली बार सुपर सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मरीजों ने स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया। स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से श्री राम मूर्ति स्मारक अस्पताल द्वारा लगाए गए इस शिविर में श्वास, किडनी, लिवर, न्यूरो, कैंसर और हृदय रोग से जुड़ी बीमारियों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण किया। चंपावत ही नहीं, बल्कि पिथौरागढ़ जिले से भी लोग इलाज के लिए शिविर में पहुंचे।

शिविर में मरीजों के लिए निशुल्क इको, स्पाइरोमेट्री और फाइब्रोस्कैन जैसी उन्नत जांचें उपलब्ध कराई गईं, जिनके माध्यम से हृदय, फेफड़ों और लिवर से जुड़ी बीमारियों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने में मदद मिली। वरिष्ठ श्वास एवं छाती रोग विशेषज्ञ डॉ. ललित सिंह, न्यूरो सर्जन डॉ. शशांक शाह, किडनी विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित, पेट व लिवर विशेषज्ञ डॉ. शिवम गुप्ता और कैंसर सर्जन डॉ. सिद्धांत सिंह ने कुल 382 से अधिक मरीजों का परीक्षण किया।

इस शिविर से उन मरीजों को विशेष राहत मिली, जो हृदय, किडनी या कैंसर संबंधी समस्याओं के इलाज हेतु दिल्ली, बरेली या हल्द्वानी जैसे बड़े शहरों में जा रहे थे। कई लोग अपनी पुरानी मेडिकल रिपोर्ट साथ लेकर पहुंचे और विशेषज्ञों से विस्तृत परामर्श प्राप्त किया। प्रभारी पीएमएस डॉ. वेंकटेश ने बताया कि मरीजों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए भविष्य में भी ऐसे सुपर स्पेशलिस्ट शिविर आयोजित करने के प्रयास किए जाएंगे।