अल्मोड़ा

मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाओं की समीक्षा, उपजिलाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी की वर्चुअल बैठक

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 29 अक्टूबर 2026 | 12:25 PM2

मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाओं की समीक्षा, उपजिलाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी की वर्चुअल बैठक

अल्मोड़ा, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने सभी उपजिलाधिकारियों के साथ एक वर्चुअल बैठक में मतदान केंद्रों के सत्यापन और मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में मतदान केंद्रों पर आवश्यक न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने और पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का स्थलीय सत्यापन करें और वहां पेयजल, बिजली, शौचालय, रैंप तथा आवागमन की सुगम व्यवस्था जैसी न्यूनतम सुविधाओं की स्थिति स्पष्ट करें। सत्यापन के दौरान पाई जाने वाली कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने के निर्देश दिए गए।

सेक्टर निर्धारण पर चर्चा

बैठक में सेक्टर निर्धारण पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने भौगोलिक परिस्थितियों, मतदान केंद्रों की दूरी, पहुंच मार्गों और प्रभावी निगरानी की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए सेक्टरों का निर्धारण करने का निर्देश दिया, ताकि निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।

मतदाता सूची का सघन सत्यापन

मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर जिलाधिकारी ने कहा कि इसमें सावधानी बरती जाए और पाई जाने वाली त्रुटियों का नियमानुसार सुधार किया जाए। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे सत्यापन कार्य की नियमित निगरानी करने और पात्र मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज होने की पुष्टि करने पर बल दिया।

पात्र नागरिकों को जोड़ने पर जोर

जिलाधिकारी ने मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों को चिह्नित कर उनके नाम नियमानुसार शामिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने अर्हता पूर्ण कर चुके युवाओं और अन्य पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। इस बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र भी उपस्थित रहीं।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें