अल्मोड़ा में तीन दिवसीय आजीविका सरस मेले का शुभारंभ, कुमाऊँ आयुक्त ने किया निरीक्षण
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 30 अक्टूबर 2026 | 04:03 PM2

अल्मोड़ा, जनपद के ऐतिहासिक मल्ला महल परिसर में तीन दिवसीय जनपद स्तरीय आजीविका सरस मेले का शुभारंभ हो गया है। कुमाऊँ आयुक्त ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। जिला प्रशासन एवं ग्राम्य विकास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्वायत्त सहकारिताओं के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना तथा उनकी आजीविका को सशक्त बनाना है।
उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के अंतर्गत आयोजित इस मेले में कुल 25 स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर बेकरी उत्पाद, प्रसंस्कृत फल उत्पाद, पहाड़ी मसाले, जैविक दालें, पारंपरिक उत्पाद, ऐपण कला और हथकरघा से निर्मित सामग्री प्रदर्शित की गई है। स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल से तैयार ये उत्पाद मेले में आने वाले लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
उद्घाटन के उपरांत कुमाऊँ आयुक्त ने मेले में लगाए गए सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की गुणवत्ता और उनकी मेहनत की सराहना की। उन्होंने स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों से इन स्वदेशी और जैविक उत्पादों को अधिक से अधिक खरीदने की अपील करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और महिला समूहों की आय बढ़ाने में सहयोग प्राप्त होगा।
इस अवसर पर नगर निगम के महापौर, दर्जा राज्यमंत्री, पूर्व विधायक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी सदर, परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण सहित जनपद एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में महिला समूहों की सदस्य उपस्थित रहीं।
संबंधित ख़बरें

सरस मेले में आरसेटी ने पेश किए प्रशिक्षणार्थियों के उत्पाद, दर्शकों ने सराहा
30 अक्टूबर 2026 | 03:21 PM

मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाओं की समीक्षा, उपजिलाधिकारियों के साथ जिलाधिकारी की वर्चुअल बैठक
29 अक्टूबर 2026 | 12:25 PM

अल्मोड़ा पुलिस ने लौटाया आईफोन 16, मालिक के चेहरे पर लौटी मुस्कान
26 अक्टूबर 2026 | 04:38 PM

विधानसभा सत्र और त्योहारों को लेकर अल्मोड़ा पुलिस हाई अलर्ट, सघन चेकिंग अभियान जारी
26 अक्टूबर 2026 | 01:11 AM