पिथौरागढ़

रक्षाबंधन से पहले पिथौरागढ़ में बड़ा एक्शन: दुकानों पर अचानक छापा, सड़े केले-एक्सपायरी घी और मसाले मिले; 11 सैंपल लैब भेजे

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 26 अगस्त 2026 | 05:34 PM4

रक्षाबंधन से पहले पिथौरागढ़ में बड़ा एक्शन: दुकानों पर अचानक छापा, सड़े केले-एक्सपायरी घी और मसाले मिले; 11 सैंपल लैब भेजे

पिथौरागढ़

रक्षाबंधन से पहले मिठाई और खाद्य पदार्थ खरीदने जा रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। पिथौरागढ़ में खाद्य संरक्षा विभाग ने मिठाई, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों पर औचक निरीक्षण किया है। कार्रवाई के दौरान 11 खाद्य नमूने लिए गए, जबकि चार दर्जन सड़े केले और एक्सपायरी हो चुके खाद्य पदार्थ मौके पर नष्ट कराए गए।

अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा आर.के. शर्मा के अनुसार जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर आगामी रक्षाबंधन त्योहार को देखते हुए जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाया गया। टीम ने मिठाई की दुकानों, रेस्टोरेंट और किराना प्रतिष्ठानों में खाद्य मानकों की जांच की।

11 नमूनों की होगी लैब जांच

निरीक्षण के दौरान अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 11 नमूने एकत्र किए गए हैं। इन्हें जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला देहरादून भेजने की कार्रवाई की जा रही है। विभाग के मुताबिक जांच रिपोर्ट में कोई नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर संबंधित खाद्य विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चार दर्जन सड़े केले, घी और मसाले कराए नष्ट

कार्रवाई के दौरान टीम को चार दर्जन सड़े केले मिले, जिन्हें नष्ट कराया गया। इसके अलावा समय-सीमा समाप्त हो चुके वनस्पति घी के तीन पैकेट और मसालों के चार पैकेट भी नष्ट किए गए।

गंदगी मिलने और बिना खाद्य पंजीकरण के कारोबार करने के मामले में दो खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है। संबंधित विक्रेताओं को नोटिस भी जारी किए गए हैं।

मिठाई विक्रेताओं को सख्त चेतावनी

निरीक्षण के दौरान व्यापारियों को गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ बेचने के निर्देश दिए गए। मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों को ढककर रखने, बासी मिठाई न बेचने और एक्सपायरी खाद्य पदार्थ किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को न देने को कहा गया।

एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को बिक्री के सामान से अलग रखकर संबंधित कंपनी को वापस करने, प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा मिठाई निर्माण में कार्यरत कर्मचारियों को हेयर नेट लगाने और व्यक्तिगत स्वच्छता का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

खाद्य संरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों और निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक त्योहारी सीजन को देखते हुए जिले में इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें