पिथौरागढ़

जिलाधिकारी ने गंगोलीहाट का किया निरीक्षण, व्यवस्था सुधार और कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 29 अक्टूबर 2026 | 04:40 PM3

जिलाधिकारी ने गंगोलीहाट का किया निरीक्षण, व्यवस्था सुधार और कार्यों में तेजी के दिए निर्देश

पिथौरागढ़, जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने गंगोलीहाट क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न सरकारी संस्थानों और विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षा, राजस्व, स्वास्थ्य, धार्मिक पर्यटन और अवस्थापना विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

नवोदय विद्यालय में सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने राजीव गांधी नवोदय विद्यालय का निरीक्षण करते हुए बच्चों के अध्ययन के लिए अनुकूल एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं, शैक्षणिक सुविधाओं और गतिविधियों की जानकारी ली। बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, सुरक्षा ऑडिट, हॉस्टल व कक्षाओं में सुधार तथा सुरक्षा उपकरणों को अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

तहसील के कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर

तहसील गंगोलीहाट के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न पटलों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और सभी राजस्व वादों का निस्तारण निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए। आमजन को सभी सेवाएं पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कार्यालय कर्मियों के लिए परिचय पत्र, नाम पट्टिका और दायित्वों के स्पष्ट उल्लेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन सहित अन्य देयकों के लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने और राजस्व वसूली में तेजी लाने के निर्देश दिए। कार्यों में लापरवाही पर रजिस्ट्रार कानूनगो से स्पष्टीकरण मांगा गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में चिकित्सकों की उपलब्धता, ओपीडी और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली गई। वार्ड, इमरजेंसी, ओपीडी रजिस्टर और लैब का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, बेडशीट व गद्दों की नियमित सफाई, कलर कोडिंग के पालन और बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण पर जोर दिया। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

हाटकालिका मंदिर में विकास कार्यों का निरीक्षण

जिलाधिकारी ने हाटकालिका मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मानसखंड मंदिर माला मिशन के अंतर्गत चल रहे विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूर्ण करने और तेजी लाने के निर्देश दिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता न करने की स्पष्ट हिदायत दी।

निर्माणाधीन पार्किंग कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी

गंगोलीहाट में निर्माणाधीन पार्किंग का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कार्यदायी संस्था को फटकार लगाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाकर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें