April 20, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में गैरहाज़िरी पड़ी भारी, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने जिला पूर्ति अधिकारी का वेतन रोका

अल्मोड़ा-मुख्यमंत्री प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु 19 दिसम्बर 2025 को जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आहूत की गई थी। बैठक में समस्त संबंधित विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारियों द्वारा उपस्थिति सुनिश्चित की गई, किंतु जिला पूर्ति अधिकारी, अल्मोड़ा द्वारा बैठक में अनुपस्थित रहकर शासकीय निर्देशों की अवहेलना की गई।

बैठक के दौरान जिला पूर्ति अधिकारी से बार-बार दूरभाष द्वारा संपर्क किए जाने पर उनके द्वारा भिन्न-भिन्न कारण बताए गए, तथापि स्पष्ट निर्देशों के बावजूद बैठक में उपस्थित न होना एवं समीक्षा कार्य में बाधा उत्पन्न करना उनके द्वारा अपने शासकीय दायित्वों के प्रति गंभीर लापरवाही एवं उदासीनता को दर्शाता है। इसके परिणामस्वरूप खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से संबंधित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर समुचित समीक्षा एवं निर्णय लेने में बढ़ा उत्पन्न हुई ।

जिलाधिकारी ने इस कृत्य को मुख्यमंत्री के कार्यक्रम जैसी अत्यंत महत्वपूर्ण प्रशासनिक जिम्मेदारी के प्रति गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए इसे कर्मचारी आचरण नियमावली का स्पष्ट उल्लंघन माना है। जिलाधिकारी द्वारा प्रकरण को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए जिला पूर्ति अधिकारी का वेतन तत्काल प्रभाव से रोके जाने के आदेश दिए गए हैं।

साथ ही जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की संस्तुति शासन को प्रेषित की है । उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी भी अधिकारी द्वारा आदेशों की अवहेलना, लापरवाही अथवा बहानेबाज़ी को किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि मुख्यमंत्री एवं शासन स्तर के कार्यक्रमों में पूर्ण गंभीरता, अनुशासन, उत्तरदायित्व एवं समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जाए, अन्यथा संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।