चम्पावत: वन्यजीव तस्करी को रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। 18 अप्रैल को एसओजी, स्थानीय पुलिस और वन विभाग की टीम ने रीठा साहिब क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए एक युवक को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई भिंगराडा वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चैड़ामेहता लीसा डिपो के समीप की गई। थाना रीठा साहिब क्षेत्र में जब संयुक्त टीम सघन चेकिंग अभियान चला रही थी, उसी समय दीपक सिंह बोहरा नामक एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में वहां से गुजरते हुए देखा गया। टीम ने उसे रोककर जब तलाशी ली, तो उसके कब्जे से एक गुलदार (तेंदुआ) की खाल बरामद हुई। इस बरामद खाल की लंबाई लगभग 120 सेंटीमीटर मापी गई है।
प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह बरामद की गई खाल को बेचने के इरादे से लोहाघाट की ओर ले जा रहा था। भिंगराडा के वन क्षेत्राधिकारी ने जानकारी दी कि बरामद खाल को नियमों के अनुसार मौके पर ही सील कर सुरक्षित कर लिया गया है। आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया गया है और उसे विधिक कार्रवाई के लिए हिरासत में भेज दिया गया है।
वन विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में वन्यजीवों की तस्करी और अवैध शिकार के खिलाफ इस तरह के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे। विभाग ने चेतावनी दी है कि ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
More Stories
चम्पावत में दिशा बैठक: केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति और कार्य गुणवत्ता की समीक्षा
चम्पावत में 93 वर्षीय शिक्षक के शैक्षिक योगदान पर जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
चम्पावत के पांच सुदूर गांवों में विद्युतीकरण कार्य पूर्ण, 100 से अधिक परिवारों को मिली बिजली