विशेष

उत्तराखंड में आज सुबह 11 बजे भूकंप की चेतावनी का अलर्ट! मोबाइल पर बजेगा अलार्म, गूंजेंगे सायरन, जानिए क्या है पूरा मामला!

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 9 अक्टूबर 2026 | 10:32 AMअपडेट: 9 अक्टूबर 2026 | 10:33 AM17

उत्तराखंड में आज सुबह 11 बजे भूकंप की चेतावनी का अलर्ट! मोबाइल पर बजेगा अलार्म, गूंजेंगे सायरन, जानिए क्या है पूरा मामला!

देहरादून, 9 अक्टूबर 2026। उत्तराखंड में आज शुक्रवार सुबह 11 बजे भूकंप की पूर्व चेतावनी देने वाले सायरन बजाए जाएंगे। हालांकि, यह किसी वास्तविक भूकंप की चेतावनी नहीं होगी, बल्कि राज्य में स्थापित भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के परीक्षण और लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से सायरन बजाए जाएंगे। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर घबराएं नहीं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि इस परीक्षण का मुख्य उद्देश्य लोगों को भूकंप चेतावनी सायरन की आवाज से परिचित कराना है, ताकि भविष्य में वास्तविक भूकंप आने की स्थिति में लोग चेतावनी को पहचान सकें और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपना सकें।

प्रदेश में लगाए गए हैं 169 सेंसर और 112 सायरन

वर्तमान में उत्तराखंड में भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली के तहत 169 सेंसर और 112 सायरन स्थापित किए गए हैं। आज सुबह 11 बजे इनकी कार्यप्रणाली का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के दौरान यदि किसी सायरन या सेंसर में तकनीकी खराबी सामने आती है तो उसे ठीक कराया जाएगा।

राज्य सरकार इस चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही है। भविष्य में सेंसर और सायरन की संख्या दोगुनी करने की योजना है। इसके तहत लगभग 5 से 10 किलोमीटर के अंतराल पर सेंसर और सायरन स्थापित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

मोबाइल पर भी आएगा भूकंप का अलर्ट

सायरन परीक्षण के दौरान भूदेव मोबाइल ऐप के उपयोगकर्ताओं को भी परीक्षण चेतावनी प्राप्त होगी। मोबाइल फोन पर अलर्ट संदेश के साथ वाइब्रेशन और बीप-बीप की आवाज सुनाई दे सकती है। विभाग ने लोगों से भूदेव ऐप का अपडेटेड वर्जन इस्तेमाल करने और ऐप को हमेशा लोकेशन एक्सेस की अनुमति देने की अपील की है।

अब हर महीने की 9 तारीख को बजेगा सायरन

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) के अनुसार, प्रदेश में प्रत्येक महीने की 9 तारीख को सुबह 11 बजे भूकंप पूर्व चेतावनी प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाएगा। इसका उद्देश्य सायरन और सेंसर की कार्यक्षमता जांचने के साथ लोगों को आपदा के प्रति जागरूक और तैयार करना है।

आपदा प्रबंधन विभाग ने आमजन से अपील की है कि आज सुबह 11 बजे सायरन बजने या मोबाइल पर अलर्ट आने पर किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराएं नहीं। यह केवल पूर्व निर्धारित परीक्षण है, न कि वास्तविक भूकंप की चेतावनी।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें