हल्द्वानी में तीन माह से वेतन लंबित होने की शिकायत, कुमाऊं आयुक्त ने भुगतान के निर्देश दिए
गीता जोशी (संपादक)13 जुलाई 2026 | 09:32 PM

हल्द्वानी: आयुष्मान आरोग्य मंदिर, हल्द्वानी में कार्यरत वाइटल रेडियोलॉजी सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारियों ने पिछले तीन माह से वेतन न मिलने की शिकायत की है। मामले का संज्ञान लेते हुए कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने नगर आयुक्त हल्द्वानी को आवश्यक कार्रवाई कर कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र दिलाने के निर्देश दिए हैं।
कर्मचारियों ने शिकायती पत्र में बताया कि उन्हें अप्रैल, मई और जून 2026 का वेतन अब तक नहीं मिला है। शिकायत के अनुसार वेतन लंबित होने से कर्मचारियों और उनके परिवारों को दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई और चिकित्सा संबंधी जरूरतों को पूरा करने में कठिनाई हो रही है। कर्मचारियों ने कुसुमखेड़ा स्थित सेंटर बंद किए जाने की जानकारी भी दी है।
कंपनी प्रबंधन पर लगाए आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वेतन मांगने पर कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न किया जाता है और नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में कंपनी प्रबंधन को पहले भी मौखिक और लिखित रूप से अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
50 कर्मचारियों के प्रभावित होने की शिकायत
शिकायत के अनुसार प्रभावित कर्मचारियों में 10 चिकित्सक, 10 फार्मासिस्ट, 10 स्टाफ नर्स, 10 एमपीडब्ल्यू और 10 सफाई कर्मचारी शामिल हैं।
वेतन भुगतान और सेंटर खुलवाने के निर्देश
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने नगर आयुक्त को मामले में आवश्यक कार्रवाई करते हुए सभी प्रभावित कर्मचारियों का लंबित वेतन शीघ्र भुगतान कराने और बंद सेंटर को खुलवाने के संबंध में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
संबंधित ख़बरें

नैनीताल में सुखाताल झील की स्वच्छता और वृक्षारोपण अभियान का आयोजन
23 जुलाई 2026 | 10:37 PM

हल्द्वानी उप कारागार के 31 बंदियों ने आरसेटी से सीखी सीसीटीवी इंस्टॉलेशन और सर्विस की तकनीक
23 जुलाई 2026 | 05:38 AM

हरकपुर क्वीरा (लक्ष्मी विहार) में सीसी रोड का लोकार्पण, करोड़ों के विकास कार्य गिनाते हुए विकास भगत ने विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई
20 जुलाई 2026 | 01:54 AM

नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी: 20 जुलाई को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश
20 जुलाई 2026 | 01:50 AM