स्वास्थ्य व शिक्षा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने को सीडीओ ने दिए सख्त निर्देश
विमल (संपादक)14 नवंबर 2025 | 02:56 PM

चम्पावत – जनपद में स्वास्थ्य व शिक्षा सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) डॉ. जी.एस. खाती ने शुक्रवार को बनबसा और टनकपुर क्षेत्र में व्यापक फील्ड निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से आकलन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित सुधारात्मक कार्रवाई के स्पष्ट और कड़े निर्देश दिए।
सीडीओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनबसा में मरीज सेवाओं, दवा उपलब्धता, प्रसूति कक्ष की दशा, स्वच्छता प्रबंधन और रिकॉर्ड संधारण की स्थिति का गहन परीक्षण किया। अव्यवस्थाएं पाए जाने पर उन्होंने तत्काल सुधार सुनिश्चित करने और मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तायुक्त सेवाएं प्रदान करने को कहा।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बनबसा में शिक्षा की गुणवत्ता, स्मार्ट क्लासेज़ की उपयोगिता, छात्राओं की उपस्थिति, स्वच्छता तथा बुनियादी ढांचे की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने विद्यालय प्रशासन को छात्राओं के लिए सुरक्षित, प्रेरक और प्रगतिशील शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उपजिला चिकित्सालय टनकपुर के निरीक्षण में सीडीओ ने आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता, ओपीडी व्यवस्था, वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति, उपकरणों की कार्यशीलता तथा साफ-सफाई का मूल्यांकन किया। उन्होंने संयुक्त चिकित्साधिकारी टनकपुर डॉ. घनश्याम तिवारी को अस्पताल सेवाओं को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित और जनसुलभ बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक रजवार तथा मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी केदार सिंह बृजवाल भी उपस्थित रहे।
सीडीओ डॉ. खाती ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि “ मुख्यमंत्री के आदर्श चंपावत के विज़न को साकार करने के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत जनसुविधाओं का सुदृढ़ीकरण अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग समयबद्ध, पारदर्शी और परिणामपरक कार्य सुनिश्चित करें।”
संबंधित ख़बरें

चंपावत: जनभागीदारी से पर्यावरण संरक्षण अभियान, बाराकोट में 250 पौधे रोपे गए
25 जुलाई 2026 | 10:34 PM

चंपावत के गोरल चौड़ क्षेत्र के विकास के लिए ₹117.22 करोड़ की स्वीकृति, ₹6.60 करोड़ जारी
25 जुलाई 2026 | 04:20 AM

धान खरीद 2026-27: चंपावत, नैनीताल और ऊधमसिंहनगर के किसानों के लिए पंजीकरण आज से शुरू
24 जुलाई 2026 | 11:42 PM

चंपावत में फर्जी अवकाश आदेश वायरल: जिला प्रशासन ने किया खंडन
23 जुलाई 2026 | 05:28 AM