विधानसभा चुनाव तैयारियों पर भारत निर्वाचन आयोग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 13 अक्टूबर 2026 | 06:41 PM

चंपावत, भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया, जिसमें मंडलायुक्त, पुलिस रेंज प्रभारी, सभी जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक और केंद्र व राज्य की 20 से अधिक प्रवर्तन एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारियों ने विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक के दौरान, भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव संबंधी विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इस प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक मीडिया आशीष गोयल, महानिदेशक आईटी सीमा खन्ना और मुख्य निर्वाचन अधिकारी बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम शामिल रहे।
ईवीएम कार्यशाला का आयोजन
समीक्षा बैठक के पहले दिन, सभी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारियों, उप जिला निर्वाचन अधिकारियों और जिला ईवीएम नोडल अधिकारियों के लिए एक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 के संदर्भ में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की प्रथम स्तरीय जांच (ईवीएम-एफएलसी) की प्रक्रिया पर गहन चर्चा हुई और आयोग द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
जनपदों की चुनाव तैयारियों का प्रस्तुतीकरण
बैठक के दूसरे दिन, सभी जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारियों ने अपने-अपने जनपदों की चुनाव तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। जिलों के पुलिस अधिकारियों ने फोर्स डिप्लायमेंट प्लान के साथ-साथ अपराध और कानून व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किया।
एजेंसियों की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में अर्धसैनिक बल, आबकारी, जीएसटी, परिवहन, वन विभाग, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और कस्टम सहित कुल 21 प्रवर्तन एजेंसियों ने भी चुनाव तैयारियों के संबंध में अपने-अपने प्रस्तुतीकरण दिए। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों ने अब तक की गई तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया और सभी अधिकारियों को निर्धारित इलेक्शन प्लानर के अनुसार कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधान सचिव भारत निर्वाचन आयोग एस.बी. जोशी, बी.के. पाठक, कुमाऊं मंडलायुक्त दीपक रावत, गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरुप, आईजी निलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं रेंज नवेदिता कुकरेती, प्रभारी आईजी गढ़वाल रेंज विमि सचदेवा, स्टेट पुलिस नोडल आईजी कृष्ण कुमार वीके, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तूदास भी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

राजकीय विद्यालयों के 10वीं-12वीं के छात्रों को टैबलेट के लिए DBT से मिलेगी धनराशि
14 अक्टूबर 2026 | 02:09 PM

चंपावत के छतार में 1.11 करोड़ की लागत से बनेगा क्लॉक टावर
14 अक्टूबर 2026 | 02:09 PM

चंपावत और टनकपुर में आयोजित होंगे विशेष पासपोर्ट मोबाइल वैन कैंप
13 अक्टूबर 2026 | 06:38 PM

चंपावत की महिलाओं ने शुरू किया मसाला उद्यम, स्वावलंबन की ओर बढ़ीं
11 अक्टूबर 2026 | 04:16 PM