मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से आत्मनिर्भर बनी रानीखेत की तोषिता पंवार
विमल (संपादक)29 दिसंबर 2025 | 12:44 PM

अल्मोड़ा – उत्तराखंड सरकार की मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है। जनपद अल्मोड़ा के रानीखेत क्षेत्र की निवासी तोषिता पंवार की सफलता इसी योजना के सफल क्रियान्वयन का एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
प्रोफेशनल ब्यूटी और मेकअप का कोर्स पूर्ण करने के बाद तोषिता पंवार स्वरोजगार के माध्यम से अपना भविष्य संवारना चाहती थीं। इसी दौरान उन्हें मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की जानकारी प्राप्त हुई, जिसने उनके सपनों को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।
जिला उद्योग केंद्र, अल्मोड़ा के प्रबंधक शुभम सिंह तोमर ने बताया कि योजना के अंतर्गत तोषिता पंवार को आवेदन प्रक्रिया के दौरान निरंतर मार्गदर्शन प्रदान किया गया। आवश्यक दस्तावेजों के संकलन से लेकर ऋण स्वीकृति तक जिला उद्योग केंद्र द्वारा पूर्ण सहयोग किया गया। सभी औपचारिकताएं पूर्ण होने के पश्चात उन्हें 03 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत किया गया।
ऋण प्राप्त होने के बाद तोषिता पंवार ने गांधी चौक, रानीखेत में “Glam Studio By Toshita” नाम से अपना ब्यूटी स्टूडियो शुरू किया। उनके स्टूडियो में ब्राइडल मेकअप, हेयर स्टाइलिंग और स्किन ट्रीटमेंट जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में उनका व्यवसाय सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है।
खास बात यह है कि तोषिता पंवार ने अपने व्यवसाय के माध्यम से दो अन्य स्थानीय युवतियों को भी रोजगार उपलब्ध कराया है। वर्तमान में वे अपने व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 40 से 50 हजार रुपये तक का लाभ अर्जित कर रही हैं।
तोषिता पंवार का कहना है कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया है। वे गर्व के साथ अपना व्यवसाय संचालित कर रही हैं और आगे इसे और विस्तार देने की योजना बना रही हैं।
उनकी यह सफलता कहानी न केवल युवाओं के लिए प्रेरणा है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं सही मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ युवाओं को रोजगार मांगने वाले से रोजगार देने वाला बना सकती हैं।
संबंधित ख़बरें

अल्मोड़ा में नर्सिंग ऑफिसर भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी, 589 परीक्षार्थी होंगे शामिल
23 जुलाई 2026 | 07:23 PM

अल्मोड़ा में सड़क सुरक्षा टास्क फोर्स की बैठक: जिलाधिकारी ने दिए दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार के निर्देश
23 जुलाई 2026 | 07:12 PM

अल्मोड़ा में कांग्रेस और युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, दिल्ली घटना के विरोध में निकाला जुलूस
22 जुलाई 2026 | 06:14 PM

अल्मोड़ा: दन्या पुलिस ने गांधी इंटर कॉलेज पनुवानौला में चलाया जन जागरूकता अभियान
21 जुलाई 2026 | 07:18 PM