पिथौरागढ़: पाताल भुवनेश्वर-गुप्तड़ी-जीवल मोटर मार्ग निर्माण प्रक्रिया अंतिम चरण में
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 3 अगस्त 2026 | 08:16 PM6

पिथौरागढ़, 3 अगस्त 2026
जिला प्रशासन ने सोशल मीडिया पर पाताल भुवनेश्वर–गुप्तड़ी–जीवल मोटर मार्ग के शीघ्र निर्माण की मांग को लेकर साझा किए गए वीडियो का गंभीरता से संज्ञान लिया है। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में संबंधित विभागों को परियोजना से संबंधित सभी औपचारिकताओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करते हुए स्वीकृति एवं निर्माण प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वीकृति प्रक्रिया में है प्रस्ताव
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के अधिशासी अभियंता विवेक प्रताप सिंह ने इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए अवगत कराया है कि पाताल भुवनेश्वर–गुप्तड़ी–जीवल मोटर मार्ग का प्रस्ताव वर्तमान में स्वीकृति की प्रक्रिया में है। सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) का तकनीकी परीक्षण जी.बी. पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा सफलतापूर्वक किया जा चुका है। परीक्षण उपरांत, इस प्रस्ताव को अग्रिम कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को भेज दिया गया है।
अगले कुछ सप्ताह में मिल सकती है स्वीकृति
विभाग के अनुसार, परियोजना का प्रस्ताव अब भारत सरकार की एंपावर्ड कमेटी के समक्ष अनुमोदन हेतु भेज दिया गया है। समिति से स्वीकृति प्राप्त होने के उपरांत ही निविदा प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने यह भी बताया कि यह प्रस्ताव आगामी कुछ सप्ताह में अनुमोदित होने की उम्मीद है।
दूरस्थ क्षेत्रों को जोड़ने की प्राथमिकता
श्री सिंह ने दोहराया कि सरकार की सर्वोपरि प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर सड़क संपर्क स्थापित करना है। इसी दिशा में इस परियोजना से संबंधित सभी औपचारिकताओं को समय पर पूरा किया जा रहा है ताकि स्वीकृति और निर्माण प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
पारदर्शिता के साथ प्रगति से अवगत कराया जाएगा
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। जनसामान्य को समय-समय पर योजनाओं की वास्तविक प्रगति से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और लोगों को योजनाओं की सही जानकारी प्राप्त हो सके।
संबंधित ख़बरें

पिथौरागढ़ में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन, जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
15 अगस्त 2026 | 03:01 PM

पिथौरागढ़: भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन अलर्ट, आपदा प्रबंधन तंत्र सक्रिय
14 अगस्त 2026 | 02:09 PM

पिथौरागढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन, 22 युवाओं ने भरा जोश
12 अगस्त 2026 | 02:47 PM

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों का जायजा: पिथौरागढ़ में हुई महत्वपूर्ण बैठक, अपर जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
11 अगस्त 2026 | 07:01 PM