नैनीताल में 80वें स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन, प्रभारी मंत्री ने किया ध्वजारोहण
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 15 अगस्त 2026 | 02:59 PM7

नैनीताल, 15 अगस्त 2026
देश का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय नैनीताल के कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय गीत एवं ध्वजारोहण से हुई शुरुआत
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रभारी मंत्री खजान दास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।
सम्मान समारोह
समारोह में माननीय मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रभारी मंत्री का संबोधन
अपने संबोधन में माननीय जनपद प्रभारी मंत्री ने सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन देश की एकता, अखंडता और बलिदान की याद दिलाता है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित होने और हर गांव तक विकास पहुंचाने के प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और नैनीताल जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।
मंत्री ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने उत्तराखंड द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बनने का उल्लेख किया। साथ ही, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए सरकार के प्रयासों, शौचालयों के निर्माण और सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान का भी जिक्र किया।
जिलाधिकारी ने किया संबोधित
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों को स्वाधीनता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। उन्होंने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं पुरस्कार
इस अवसर पर भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए, माननीय मंत्री द्वारा बच्चों को उनकी प्रस्तुति पर 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।
‘नशामुक्त भारत’ की शपथ
इस अवसर पर माननीय मंत्री द्वारा सभी उपस्थित जन-समूह को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ दिलाई गई।
महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण
इसके उपरांत माननीय मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों ने तल्लीताल गांधी चौक पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने गांधी चौक पर व्यापार मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भी भाग लिया, जहां जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।
अम्बेडकर पार्क में श्रद्धांजलि
माननीय मंत्री एवं अन्य ने अम्बेडकर पार्क में बाबा भीमराव अंबेडकर एवं शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमा पर फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
तिरंगा रैली का आयोजन
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें माननीय जनपद प्रभारी मंत्री सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूलों के छात्र-छात्राओं और आम जनता ने भाग लिया। इस दौरान देशभक्ति नारे लगाए गए।
पौधारोपण कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा ठंडी सड़क में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी माननीय जनपद प्रभारी मंत्री शामिल हुए। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक, कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया।
नाव रैली एवं स्वच्छता अभियान
नैनीताल के मल्लीताल स्थित वोट स्टैंड से नाव रैली निकाली गई, जिसमें भी माननीय मंत्री एवं अन्य ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर नैनीताल में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिसमें माननीय जनपद प्रभारी मंत्री ने शामिल होकर नेतृत्व किया।
अन्य गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, अपर जिला अधिकारी विवेक राय, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोपाल रावत, भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया, डीएसए सचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
अन्य स्थानों पर कार्यक्रम
जिले में विभिन्न स्थानों पर भी अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रातः 09 बजे सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गान गाया गया।
आयुक्त कुमाऊं एवं माननीय मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने कमिश्नरी कार्यालय नैनीताल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा मंडल वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने ध्वजारोहण किया और शुभकामनाएं दीं। सभी कार्यालयों व संस्थानों में ध्वजारोहण, देशभक्ति गीत, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम तथा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
संबंधित ख़बरें

महिला महाविद्यालय, हल्द्वानी में 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' का भव्य आयोजन
15 अगस्त 2026 | 02:16 PM

मुक्तेश्वर के पास खाई में गिरी पर्यटकों की टैंपो ट्रैवलर, दो की मौत, कई घायल
14 अगस्त 2026 | 09:19 PM

नैनीताल: हल्द्वानी महिला महाविद्यालय में 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के तहत निबंध प्रतियोगिता का आयोजन
14 अगस्त 2026 | 02:08 PM

नैनीताल में मतदाता सूची की शुद्धता के लिए जागरूकता अभियान
14 अगस्त 2026 | 11:43 AM