देहरादून में घरेलू गैस के व्यावसायिक उपयोग पर 16 सिलेंडर जब्त; क्यूआरटी सक्रिय
गीता जोशी (संपादक)1 अप्रैल 2026 | 03:44 PM

देहरादून: जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों के अनुरूप, जनपद में एलपीजी गैस की कालाबाजारी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा शत-प्रतिशत होम डिलीवरी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए क्षेत्रवार त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्यूआरटी) का गठन किया गया है।
गठित क्यूआरटी टीम ने आज जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, टीम ने एलपीजी गैस की मांग, आपूर्ति, वितरण प्रणाली तथा होम डिलीवरी व्यवस्था का गहन परीक्षण किया। साथ ही, उपभोक्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की भी समीक्षा की गई।
इसी कड़ी में, संयुक्त टीम द्वारा शिमला बायपास और चंद्रबनी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान, अनियमितताएं पाए जाने पर कुल 16 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त किए गए सिलेंडरों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।
जिला प्रशासन ने यह स्पष्ट किया है कि एलपीजी गैस की कालाबाजारी, अवैध भंडारण अथवा घरेलू सिलेंडरों के वाणिज्यिक उपयोग में दुरुपयोग की किसी भी स्थिति को अत्यंत गंभीरता से लिया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे गैस वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखें तथा शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी गैस की आपूर्ति के संबंध में अब तक कुल 26 शिकायतें दर्ज की गई हैं। जिला खाद्य पूर्ति विभाग, देहरादून के कंट्रोल रूम में एलपीजी गैस की आपूर्ति, सिलेंडर उपलब्धता या अन्य किसी समस्या को लेकर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज जिले में लगभग 10803 घरेलू और 674 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की गई। वर्तमान में घरेलू एलपीजी के 31536 और व्यावसायिक एलपीजी के 2852 सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है। घरेलू तथा व्यावसायिक दोनों प्रकार के एलपीजी गैस सिलेंडरों का लोड निरंतर बढ़ाया जा रहा है।
संबंधित ख़बरें

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 IAS और एक IFS अधिकारी के दायित्वों में बदलाव
25 जुलाई 2026 | 03:50 AM

देहरादून: हिमालयन भोजनालय से महिलाएँ बनीं आत्मनिर्भर, पहाड़ी व्यंजनों की बढ़ी मांग
24 जुलाई 2026 | 10:55 PM

देहरादून-मसूरी मार्ग बंद: पानी वाले बैंड के पास सड़क क्षतिग्रस्त, जनसुरक्षा सर्वोपरि
21 जुलाई 2026 | 01:41 AM

देहरादून में सफाई कर्मचारियों के लिए जन-जागरूकता शिविर आयोजित, 250 लाभार्थियों ने लिया लाभ
15 जुलाई 2026 | 09:34 PM