जिलाधिकारी ने दुर्गम सील-बरुड़ी गांव में सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सर्वोच्च प्राथमिकता
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 1 अगस्त 2026 | 08:50 PM2

चंपावत, 01 अगस्त 2026
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार संचालित ‘जन-जन की सरकार, सेवा पखवाड़ा’ अभियान के अंतर्गत विकासखंड बाराकोट के नेपाल सीमा से सटे दूरस्थ ग्राम सील-बरुड़ी का स्थलीय निरीक्षण किया। कठिन पहाड़ी मार्गों से लगभग 15 से 16 किलोमीटर पैदल यात्रा कर गांव पहुंचे जिलाधिकारी ने जन चौपाल एवं रात्रि चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
दुर्गम क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता
जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों तक शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रतिकूल मौसम एवं रेड अलर्ट के कारण प्रस्तावित शिविर का आयोजन संभव नहीं हो सका, लेकिन स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्राम प्रधान के आग्रह पर अधिकारियों की टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर सुनकर उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की गई।
जन कल्याणकारी योजनाओं के लाभ की समीक्षा
जन चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पेंशन, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से शत-प्रतिशत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
सड़क निर्माण की मांग पर कार्यवाही
ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी। इस पर जिलाधिकारी ने मौके से ही मुख्य अभियंता यूआरआरडीए श्री एस.के. पाठक से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने बताया कि लगभग 22.4 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब 23 करोड़ रुपये की डीपीआर भारत सरकार को भेजी जा चुकी है तथा स्वीकृति प्राप्त होते ही निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा।
विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांव में निर्मित ‘ज्ञान सेतु’ सहित अन्य विकास कार्यों का स्थलीय सत्यापन किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं विकास संबंधी मांगों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निःशुल्क श्रवण यंत्रों का वितरण
जिलाधिकारी के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग द्वारा खीम सिंह, रतन सिंह, महासिंह एवं उमेश सिंह को निःशुल्क श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए गए, जिससे लाभार्थियों ने प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्वास्थ्य शिविर एवं परामर्श
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में 55 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही 30 लोगों की शुगर एवं रक्तचाप की जांच कर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श भी दिया।
आंगनबाड़ी केंद्र और विद्यालय का निरीक्षण
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र एवं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सील-बरुड़ी का निरीक्षण कर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने दोनों संस्थानों में संचालित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए गुणवत्तापूर्ण सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में आई प्रमुख समस्याएं
रात्रि चौपाल में जोगा सिंह ने किसान सम्मान निधि की धनराशि प्राप्त न होने, भवान सिंह ने विद्युत पोल लगाने, धनी देवी ने राशन कार्ड संबंधी समस्या तथा प्रेम सिंह ने विद्युत पोल को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान खड़क सिंह, भाजपा बाराकोट मंडल उपाध्यक्ष अजय सिंह बिष्ट, सुरेंद्र सिंह सामंत, अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई बी.सी. नैनवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लोहाघाट से डॉ. मंजीत, जिला समाज कल्याण अधिकारी आर.एस. सामंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

चंपावत में 80वां स्वतंत्रता दिवस: शहीदों को नमन, वीर माताओं और 'गुड समेरिटन' ग्रामीणों का सम्मान
15 अगस्त 2026 | 03:09 PM

पं. दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना: चंपावत से श्री बद्रीनाथ धाम की निःशुल्क यात्रा, वरिष्ठ नागरिकों हेतु आवेदन आमंत्रित
13 अगस्त 2026 | 08:37 PM

चंपावत: माँ वाराही शक्तिपीठ देवीधुरा में 23 अगस्त से शुरू होगा ऐतिहासिक असाड़ी कौतिक रक्षाबंधन बगवाल मेला–2026
13 अगस्त 2026 | 06:34 PM

चंपावत: बीएलओ को 13 अगस्त तक फॉर्म-6, 7, 8 की एंट्री और डिजिटाइजेशन पूरा करने के निर्देश
13 अगस्त 2026 | 11:04 AM