चंपावत

चंपावत में संपन्न हुआ किसान दिवस: जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं की जानकारी दी

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 10 सितंबर 2026 | 05:15 PM1

चंपावत में संपन्न हुआ किसान दिवस: जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं की जानकारी दी

चंपावत, 10 सितम्बर 2026। राज्य सरकार द्वारा किसानों के कल्याण तथा कृषि क्षेत्र को सुदृढ़ एवं सशक्त बनाने के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में, विकासखंड चंपावत सभागार में विकासखंड स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार द्वारा की गई।

किसानों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा

किसान दिवस के दौरान कृषकों द्वारा घेरबाड़, सिंचाई, कृषि, पशुपालन सहित कृषि से संबद्ध विभिन्न विषयों से संबंधित अपनी समस्याएं, आवश्यकताएं एवं सुझाव अधिकारियों के समक्ष रखे गए। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को विभागीय योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

योजनाओं की जानकारी एवं फार्मर रजिस्ट्री पर जोर

जिलाधिकारी ने कृषकों को विरासतन भूमि से संबंधित प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही एवं अभिलेखीय प्रक्रिया पूर्ण कराने के संबंध में जानकारी दी, ताकि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित अन्य योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो। उन्होंने एग्रीस्टेट योजना के अंतर्गत फार्मर रजिस्ट्री एवं फार्मर आईडी तैयार कराने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी कृषक अपनी फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से बनवा लें। उन्होंने बताया कि भविष्य में कृषि क्षेत्र में विभिन्न प्रकार के इनपुट एवं अन्य सुविधाओं का लाभ फार्मर आईडी के आधार पर प्रदान किया जाना है, अतः सभी पात्र कृषकों के लिए फार्मर रजिस्ट्री तैयार कराया जाना अत्यंत महत्वपूर्ण है।

विभिन्न विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी

कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार द्वारा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, अनुदान एवं कृषक हितकारी कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि विज्ञान केंद्र, लोहाघाट के वैज्ञानिकों द्वारा कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत कृषि पद्धतियों तथा विभिन्न फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता वृद्धि से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की गई।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ वसुंधरा गर्ब्याल द्वारा पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनकी रोकथाम, उपचार एवं पशुपालन प्रबंधन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी कृषकों को दी गई। इसी प्रकार नाबार्ड एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों द्वारा संबंधित विभागों के माध्यम से संचालित योजनाओं, ऋण एवं अन्य सुविधाओं के संबंध में कृषकों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में सहभागिता की अपील

कार्यक्रम में प्र० मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह द्वारा कृषकों से अपील की गई कि वे इस प्रकार के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक प्रतिभाग करें। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से कृषक अपनी वास्तविक आवश्यकताओं, मांगों, समस्याओं एवं सुझावों को सीधे संबंधित अधिकारियों एवं विभागों तक पहुंचा सकते हैं, जिससे उनका समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य

किसान दिवस में कृषि एवं कृषि से संबद्ध विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा कृषकों को विभागीय योजनाओं, तकनीकी जानकारी एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कृषकों की समस्याओं को उनके स्तर पर सुनना, उनका समाधान सुनिश्चित करना तथा किसानों को विभिन्न कृषक हितैषी योजनाओं एवं तकनीकी सुविधाओं का अधिकतम लाभ दिलाना रहा। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कृषकों को आश्वस्त किया कि कृषि एवं कृषि से संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी उनकी समस्याओं एवं सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर संज्ञान लेते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही एवं समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

इस अवसर पर लघु सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता श्री विमल कुमार सूंठा, जनपद मत्स्य प्रभारी श्री त्रिभुवन मौर्य, नाबार्ड की डीडीएम स्वाति कार्की सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक एवं पशुपालक मौजूद रहे।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें