चंपावत में एप्पल मिशन से बागवानी को मिली नई रफ्तार, उत्पादकता में 41% की वृद्धि
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 9 सितंबर 2026 | 06:37 PM10

चंपावत, 09 सितम्बर 2026 – मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में बागवानी को किसानों की आय वृद्धि और स्वरोजगार का माध्यम बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में चंपावत जनपद की अनुकूल शीतोष्ण एवं पर्वतीय जलवायु का लाभ उठाते हुए एप्पल मिशन के माध्यम से आधुनिक एवं व्यावसायिक सेब बागवानी को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस मिशन के सकारात्मक परिणाम अब उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि के रूप में सामने आ रहे हैं।
आधुनिक बागवानी को बढ़ावा
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देशन में जनपद में एप्पल मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिक से अधिक किसानों को आधुनिक बागवानी से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि मिशन के अंतर्गत अब तक 79 किसानों को लाभान्वित किया गया है। इन किसानों द्वारा 16.84 हेक्टेयर क्षेत्र में अल्ट्रा हाई-डेंसिटी (UHD) नवीन सेब बागान स्थापित किए गए हैं। हाल ही में लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 41 लाख रुपये की अनुदान राशि भी जारी की गई है, जो आय बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
उत्पादकता में वृद्धि
जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जनपद में पूर्व से लगभग 190 हेक्टेयर क्षेत्र में पारंपरिक सेब बागान हैं, जिनसे प्रतिवर्ष लगभग 360 मीट्रिक टन उत्पादन प्राप्त होता रहा है। इनकी औसत उत्पादकता लगभग 1.89 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर रही है। इसके मुकाबले, वर्ष 2020-21 से 2025-26 के दौरान एप्पल मिशन के तहत विकसित आधुनिक सघन बागानों में उत्पादकता बढ़कर लगभग 2.67 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर पहुंच गई है। यह पारंपरिक बागानों की तुलना में करीब 41 प्रतिशत अधिक है। वर्तमान में इन नवीन बागानों से लगभग 450 क्विंटल सेब का वार्षिक उत्पादन प्राप्त हो रहा है।
उन्नत किस्में और तकनीक
आधुनिक बागानों में M-9 एवं M-111 रूटस्टॉक पर तैयार गाला, किंग रोट और ग्रैनी स्मिथ जैसी उन्नत किस्मों को बढ़ावा दिया गया है। कम क्षेत्रफल में अधिक पौधे लगाने, वैज्ञानिक प्रबंधन और उन्नत तकनीक के उपयोग से किसानों को बेहतर उत्पादन प्राप्त करने में सहायता मिल रही है।
अनुदान सहायता का प्रावधान
एप्पल मिशन के तहत पंजीकृत किसानों के लिए कुल 270.80 लाख रुपये की अनुदान सहायता का प्रावधान किया गया है। इस योजना के माध्यम से किसानों को आधुनिक एवं व्यावसायिक सेब उत्पादन की ओर प्रोत्साहित करने के साथ-साथ उनकी आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
वैज्ञानिक प्रबंधन पर जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग को उपयुक्त क्षेत्रों में आधुनिक सेब बागवानी का विस्तार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक प्रूनिंग, पोषण प्रबंधन, ड्रिप सिंचाई, ग्रेडिंग-पैकिंग एवं बेहतर विपणन व्यवस्था से जोड़ने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद की भौगोलिक एवं जलवायु परिस्थितियों के अनुरूप आधुनिक बागवानी को बढ़ावा देकर इसे किसानों के लिए टिकाऊ और लाभकारी आजीविका का मजबूत माध्यम बनाया जाना चाहिए।
संबंधित ख़बरें

चंपावत में बाल विधानसभा के लिए चयन प्रक्रिया शुरू: 14-16 वर्ष के छात्र-छात्राएं बनेंगे बाल विधायक
10 सितंबर 2026 | 05:18 PM

चंपावत में संपन्न हुआ किसान दिवस: जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं की जानकारी दी
10 सितंबर 2026 | 05:15 PM

चंपावत के किसानों को मिला नया बाजार: आईटीबीपी को भेजी गईं 16 क्विंटल से अधिक सब्जियां और फल
9 सितंबर 2026 | 12:50 PM

चंपावत के गड़कोट गांव में अवैध खनन पर ग्रामीणों का आक्रोश, निष्पक्ष जांच की मांग
9 सितंबर 2026 | 08:36 AM