नैनीताल

कुमाऊं के सबसे चर्चित छात्रसंघ चुनाव में मतदान शुरू, एमबीपीजी में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले ने बढ़ाई सरगर्मी

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 29 सितंबर 2026 | 09:17 AMअपडेट: 29 सितंबर 2026 | 09:19 AM25

कुमाऊं के सबसे चर्चित छात्रसंघ चुनाव में मतदान शुरू, एमबीपीजी में अध्यक्ष पद पर त्रिकोणीय मुकाबले ने बढ़ाई सरगर्मी

हल्द्वानी, 29 सितंबर। कुमाऊं के सबसे चर्चित छात्रसंघ चुनावों में शुमार एमबी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हल्द्वानी में मंगलवार सुबह मतदान शुरू हो गया। महाविद्यालय में सुबह नौ बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई है, जो दोपहर दो बजे तक चलेगी। कॉलेज में करीब 12 हजार छात्र-छात्राएं अपने मताधिकार का प्रयोग कर छात्रसंघ की नई कार्यकारिणी चुनेंगे।

सबसे ज्यादा निगाहें अध्यक्ष पद पर टिकी हैं। आधिकारिक वैध प्रत्याशी सूची के अनुसार अध्यक्ष पद पर आर्यन बेलवाल, धीरज बिष्ट और मेहुल साह मैदान में हैं। आर्यन बेलवाल निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि धीरज बिष्ट एबीवीपी और मेहुल साह एनएसयूआई से जुड़े प्रत्याशी हैं। तीनों के बीच मुकाबले के चलते अध्यक्ष पद का चुनाव खासा चर्चा में है।

उपाध्यक्ष पद पर पूरन सिंह मेवाड़ी, योगेश चन्द्र, योगेश ब्रजवासी और वशिष्ठ कुमार प्रत्याशी हैं। छात्रा उपाध्यक्ष पद के लिए दीपा रैकुनी और श्रेया पाण्डे आमने-सामने हैं। वहीं सचिव पद पर भविष्य रावत और सार्थक रस्तोगी के बीच मुकाबला है। संयुक्त सचिव छात्रा पद पर रितिका सिंह का नाम वैध प्रत्याशी के रूप में दर्ज है

कोषाध्यक्ष छात्रा पद पर अक्षिता आर्या, आलिमा और दीपा बिनवाल मैदान में हैं। सांस्कृतिक सचिव पद पर चन्द्रकान्त तथा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर करन सिंह डोबाल और गीता के नाम वैध प्रत्याशियों की सूची में दर्ज हैं। महाविद्यालय की आधिकारिक सूची में विभिन्न संकाय प्रतिनिधि पदों के प्रत्याशियों के नाम भी जारी किए गए हैं।

मतदान के लिए कॉलेज में 18 बूथ बनाए गए हैं, जिनमें छात्राओं के लिए 10 और छात्रों के लिए आठ बूथ हैं। सभी बूथों पर सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।

एमबीपीजी कॉलेज में बड़ी छात्र संख्या और प्रमुख छात्र संगठनों की सक्रियता के कारण इस चुनाव पर पूरे कुमाऊं की नजर बनी हुई है। अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है कि छात्रसंघ की कमान किसके हाथ जाएगी।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें