नैनीताल

आयुक्त दीपक रावत ने जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं का किया मौके पर समाधान, 9.5 लाख की धनराशि दिलाई वापस

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 1 अगस्त 2026 | 08:00 PM11

आयुक्त दीपक रावत ने जनसुनवाई में विभिन्न समस्याओं का किया मौके पर समाधान, 9.5 लाख की धनराशि दिलाई वापस

नैनीताल, आयुक्त एवं सचिव मा. मुख्यमंत्री, दीपक रावत ने शनिवार को कैम्प कार्यालय हल्द्वानी में जनसुनवाई की। इस दौरान उन्होंने भूमि संबंधित विवाद, बकाया धनराशि वापस दिलाने, झूठी शिकायत, रजिस्ट्री भूमि बंधक मुक्त कराने सहित विभिन्न समस्याओं का मौके पर समाधान किया।

9.5 लाख की धनराशि वापस दिलाने के निर्देश

काठगोदाम निवासी मीरा पंत ने तपोवन काठगोदाम में भूमि खरीदने के लिए प्रमोद को 11 लाख रुपये दिए थे। प्रमोद द्वारा न तो भूमि दी गई और न ही धनराशि वापस की गई। विगत जनसुनवाई में मीरा पंत ने अपनी समस्या आयुक्त के समक्ष रखी थी। इसके बाद दोनों पक्षों की सुलह पर गत माह 7 लाख रुपये की धनराशि वापस की गई। शनिवार को हुई जनसुनवाई में 2.5 लाख रुपये की धनराशि वापस दिलाई गई। शेष 1.5 लाख रुपये सितम्बर 2026 तक वापस करने के निर्देश आयुक्त ने दिए। मीरा पंत ने धनराशि वापस दिलाने पर आयुक्त का आभार व्यक्त किया।

कर्मचारियों के रुके वेतन का एक सप्ताह में भुगतान के निर्देश

तनुजा पाण्डेय, आक्यूपेशनल थेरेपिस्ट, जिला दिव्यांग पुनर्गठन केन्द्र नैनीताल एवं अन्य 09 लोगों ने प्रार्थनापत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया कि उन्हें फरवरी एवं मार्च 2026 से वेतन नहीं मिला है, जबकि वे नियमित रूप से कार्य कर रहे हैं। वेतन न मिलने के कारण उन्हें आर्थिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने फरवरी, मार्च 2026 से लंबित वेतन का जल्द से जल्द भुगतान करवाए जाने का अनुरोध किया।

उक्त प्रकरण का संज्ञान लेते हुए आयुक्त ने शिकायतकर्ताओं की बात सुनी और निदेशक, समाज कल्याण, उत्तराखण्ड, हल्द्वानी से वार्ता की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक दशा में एक सप्ताह के भीतर वेतन निर्गत किया जाए।

बंधक भवन को मुक्त कराने हेतु निर्देश

मंजू जोशी, सदभावना कालोनी हल्द्वानी ने बताया कि दैवेश पाल एवं मनीष पाल द्वारा 2016 से उनके भवन को बैंक में बंधक बनाकर 38 लाख रुपये का सीसी लोन लिया गया है। दस वर्षों में केवल 16 लाख रुपये ही वापस किए गए हैं। सीसी लोन होने के कारण संबंधित बैंक से अनेकों बार धनराशि निकाल ली जाती है, जिससे उनका भवन बंधक मुक्त नहीं हो पा रहा है।

इस प्रकरण में आयुक्त ने निर्देश दिए कि सीसी लोन समाप्त कर बैंक से लिखित रूप में यह स्पष्टीकरण लिया जाए कि उक्त खाते से केवल लोन जमा किया जा सकता है, निकाला नहीं जा सकता। शेष धनराशि तीन माह के भीतर जमा कराने के निर्देश दिए गए।

अन्य समस्याओं का भी हुआ समाधान

जनसुनवाई के दौरान किरन डालाकोटी, हल्द्वानी निवासी ने चोरी की गई धनराशि को वापस दिलाने, हेमा पचवाडी ने पड़ोसी द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित करने, नागेंद्र चंद्र ने ज्वेलरी शॉप चोर को पकड़वाने, तथा हिमांशु डालाकोटी ने रामपुर रोड मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण की समस्या के बारे में अवगत कराया। आयुक्त द्वारा अधिकांश समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें