अल्मोड़ा

अल्मोड़ा: जब 'आपदा' से बचाने वाले खुद 'लापरवाही' के मलबे में दबें हों

गीता जोशी (संपादक)25 जुलाई 2026 | 10:50 PM10

अल्मोड़ा: जब ‘आपदा’ से बचाने वाले खुद ‘लापरवाही’ के मलबे में दबें हों

अल्मोड़ा। एक ओर जहां पहाड़ी क्षेत्रों में हर समय प्राकृतिक आपदाओं का अंदेशा बना रहता है और प्रशासन अलर्ट मोड का दावा करता है, वहीं दूसरी ओर अल्मोड़ा का ‘आपदा प्रबंधन परिचालन केंद्र’ खुद एक ‘आपदा ‘ का शिकार नजर आ रहा है। शनिवार को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) युक्ता मिश्र द्वारा किए गए औचक निरीक्षण ने इस अति-संवेदनशील विभाग की लचर कार्यप्रणाली पाई गई।

स्थिति यह है कि जिन कर्मचारियों के कंधों पर आपात स्थिति में जिले की रक्षा का जिम्मा है, वे खुद अपनी ड्यूटी और समय-पालन के प्रति गंभीर नहीं हैं।


निरीक्षण में उजागर हुई विभागीय बदहाली

शनिवार सुबह ठीक 08:44 बजे जब एडीएम युक्ता मिश्र ने आपदा प्रबंधन केंद्र में अचानक दबिश दी, तो वहां की कार्य-संस्कृति बेलगाम मिली। मुख्य रूप से दो बड़ी कमियां उजागर हुईं, जो विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं:

  • बायोमेट्रिक व्यवस्था नदारद: डिजिटल इंडिया और ई-गवर्नेंस के इस दौर में, जिले के सबसे महत्वपूर्ण नियंत्रण कक्ष में कर्मचारियों की हाजिरी जांचने के लिए कोई बायोमेट्रिक मशीन ही स्थापित नहीं है।
  • उपस्थिति रजिस्टर में बड़ा खेल: बायोमेट्रिक न होने पर जो उपस्थिति पंजिका (मैनुअल रजिस्टर) कार्यालय में मौजूद है, उसकी हालत भी खस्ता है। कर्मचारियों द्वारा नियमित रूप से हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं। इसका सीधा अर्थ है कि कौन कर्मचारी ड्यूटी पर कब आ रहा है और कब जा रहा है, इसका कोई पारदर्शी रिकॉर्ड विभाग के पास नहीं है।

एडीएम के निर्देश

इस अनुशासनहीनता और लचर रवैये पर एडीएम युक्ता मिश्र ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि आपातकालीन सेवाओं से जुड़े महकमे में इस तरह की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने प्रभारी अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को मौके पर ही कड़े निर्देश जारी किए:

  1. शत-प्रतिशत उपस्थिति: कार्यालय के सभी कार्मिकों की नियमित उपस्थिति हर हाल में उपस्थति पंजिका में सुनिश्चित की जाए।
  2. रजिस्टर का विधिवत रखरखाव: उपस्थिति पंजिका का सही तरीके से संधारण हो और इसमें कोई भी कोताही न बरती जाए।
  3. बायोमेट्रिक स्थापना: कार्यालय में जल्द से जल्द बायोमेट्रिक हाजिरी सिस्टम लगाने के लिए तुरंत आवश्यक कार्रवाई शुरू की जाए।
  4. जवाबदेही तय हो: कर्मचारियों की उपस्थिति और उनके काम की नियमित समीक्षा की जाए ताकि कार्यालय में कड़ा अनुशासन कायम हो सके।

स्रोत- सूचना विभाग अल्मोड़ा


शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें