April 21, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

जिलाधिकारी के त्वरित संज्ञान का असर — जनता मिलन में उठी समस्याओं का तत्काल समाधान, टनकपुर में जन औषधि केंद्र शुरू, धुरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बहाल

चम्पावत – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में जन शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए चंपावत जिला प्रशासन लगातार सक्रिय है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों पर प्रशासन ने जनता मिलन में उठाई गई दो महत्वपूर्ण जन समस्याओं का तुरंत समाधान किया है। इनमें टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र की शुरुआत और धुरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की बहाली शामिल है।

टनकपुर में जन औषधि केंद्र प्रारंभ, सस्ती दवाओं से मिलेगा लाभ

मुख्य चिकित्सा अधिकारी  देवेश चौहान ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिला चिकित्सालय टनकपुर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र (Jan Aushadhi Kendra) की शुरुआत कर दी गई है।
जनता मिलन के दौरान नागरिकों ने अस्पताल में सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता की मांग उठाई थी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए औषधि केंद्र की स्थापना के निर्देश दिए थे।
अब यह केंद्र पूर्ण रूप से संचालित हो चुका है। इससे मरीजों को बाजार दरों की तुलना में बेहद कम कीमत पर उच्च गुणवत्ता वाली जेनेरिक दवाइयाँ उपलब्ध होंगी। यह कदम खास तौर पर आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्ग के लोगों के लिए राहतकारी साबित होगा।

धुरा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बहाल

वहीं, जनता मिलन में धुरा क्षेत्र के ग्रामीणों द्वारा पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर भी प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर धुरा पंपिंग स्टेशन में आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त किया।
युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्र की पेयजल आपूर्ति फिर से सुचारु कर दी गई है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई ही शासन की प्राथमिकता है, ताकि जन समस्याओं का समाधान धरातल पर दिखाई दे।