April 20, 2026

Devbhoomi Deep

Positive News with New Perspective.

चम्पावत में दिशा बैठक: केंद्र पोषित योजनाओं की प्रगति और कार्य गुणवत्ता की समीक्षा

चम्पावत: जनपद में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समग्र विकास कार्यों की समीक्षा के लिए जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री और क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा ने की। बैठक के आरंभ में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद में चल रही जनहित की योजनाओं की प्रगति का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया।

बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने पूर्व में 17 अक्टूबर 2025 को आयोजित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचना चाहिए। मंत्री ने ताड़केश्वर क्षेत्र में शवदाह गृह और टाल विकास कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जनपद में मडुवा और लाल धान जैसे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तीसरे चरण के लंबित कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण करने को कहा।

पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पेयजल योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करें और हर घर तक जल की उपलब्धता सुनिश्चित करें। स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी अधिशासी अधिकारियों और जल निगम को निर्देशित किया गया कि वे सेप्टिक टैंक और खुले आउटलेट की स्थिति का सर्वेक्षण कर एक ठोस कार्ययोजना तैयार करें। इसके अतिरिक्त मनरेगा योजना के तहत नई गाइडलाइन के अनुरूप कार्य करने और वाइब्रेंट विलेज योजना के अंतर्गत चयनित गांवों में कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

विद्युत विभाग को जनपद के शेष तोकों तक जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को शिक्षकों के नियमित प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रम संचालित करने को कहा गया। कृषि विभाग को तारबाड़, घास कटर और पावर वीडर जैसे कृषि उपकरणों के वितरण को बढ़ाने और महिला किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए। पशुपालन विभाग को बद्री गाय और रेड सिंधी नस्ल के संवर्धन के लिए वैज्ञानिक पद्धति अपनाने का सुझाव दिया गया।

राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर लोहाघाट और चम्पावत के बीच स्वाला क्षेत्र में हो रहे भू-धंसाव के स्थायी समाधान के लिए समन्वित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वर्षाकाल से पहले संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षात्मक कार्य पूर्ण करने और वैकल्पिक मार्गों के सर्वेक्षण को प्राथमिकता देने को कहा गया। जल जीवन मिशन के कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी निरीक्षण पर बल दिया गया और जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सारा योजना के अंतर्गत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याएं रखीं, जिनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए गए। इस अवसर पर विधायक लोहाघाट खुशाल सिंह अधिकारी, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, दर्जा मंत्री श्याम नारायण पांडे, दर्जा मंत्री हेमा जोशी, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।