नैनीताल

सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा चम्पावत में बेटियों के स्वास्थ्य के लिए निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण एवं जागरूकता अभियान

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 1 अक्टूबर 2026 | 06:10 PM4

सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा चम्पावत में बेटियों के स्वास्थ्य के लिए निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण एवं जागरूकता अभियान

चम्पावत, खबर 1 अक्टूबर 2026…

सेवा संकल्प फाउंडेशन द्वारा उत्तराखंड में ‘महिला स्वास्थ्य जनजागरूकता एवं निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरण अभियान’ संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य किशोरियों और छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है, ताकि उनके स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास को सशक्त बनाया जा सके। फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी जी के मार्गदर्शन में यह पहल आगे बढ़ रही है।

चार विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम

1 अक्टूबर 2026 को जनपद चम्पावत के चार विद्यालयों में इस अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, लोहाघाट; पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, चम्पावत; राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, खेतीखान और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, काकड़ बाराकोट शामिल हैं। इन विद्यालयों में छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए गए।

कार्यक्रमों के दौरान, छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, व्यक्तिगत स्वास्थ्य का ध्यान रखने और आवश्यक सावधानियों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। उन्हें स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपनी मां, बड़ी बहन, शिक्षिका या चिकित्सक से बिना किसी संकोच के बातचीत करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

टनकपुर-बनबसा में भी आयोजन

इससे पूर्व, 30 सितंबर 2026 को टनकपुर-बनबसा क्षेत्र में भी इस अभियान के अंतर्गत कार्यक्रम आयोजित हुए। अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, टनकपुर एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, बनबसा में छात्राओं को निःशुल्क सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराए गए और मासिक धर्म स्वच्छता तथा महिला स्वास्थ्य के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाई गई।

श्रीमती गीता धामी का संदेश

इस अवसर पर, सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी जी का संदेश छात्राओं को पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि मासिक धर्म एक सामान्य और स्वाभाविक प्रक्रिया है, जिसके बारे में किसी भी प्रकार की शर्म या संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपने स्वास्थ्य और स्वच्छता को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या या जिज्ञासा होने पर परिवार, शिक्षिका अथवा चिकित्सक से खुलकर संवाद करने की सलाह दी।

श्रीमती धामी जी ने इस बात पर जोर दिया कि यह अभियान केवल सैनिटरी नैपकिन के वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बेटियों के स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मविश्वास से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सेवा संकल्प है। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़े सपने देखने और आत्मविश्वास के साथ अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

50 से अधिक विद्यालयों तक पहुंच रहा अभियान

सेवा संकल्प फाउंडेशन का यह अभियान उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के 50 से अधिक विद्यालयों में अपनी पहुंच बना चुका है। फाउंडेशन का लक्ष्य इस अभियान को प्रदेश के अधिक से अधिक विद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों तक विस्तारित करना है, ताकि अधिक से अधिक बेटियां इससे लाभान्वित हो सकें।

जनप्रतिनिधियों की सहभागिता

अभियान के विभिन्न कार्यक्रमों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें श्रीमती प्रेमा पांडे, नगर पालिका अध्यक्ष चम्पावत; श्रीमती अंचला बोहरा, ब्लॉक प्रमुख; श्रीमती रेखा देवी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चम्पावत; श्रीमती गंगा खाती; श्रीमती सीमा आर्या, ब्लॉक प्रमुख बाराकोट सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्राएं और अन्य उपस्थितजनों ने भी कार्यक्रमों में सहभागिता दर्ज कराई।

सेवा संकल्प फाउंडेशन का मुख्य संदेश है: “स्वस्थ बेटी, सशक्त बेटी—यही हमारा सेवा संकल्प है।”

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें