सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने होंगे: बहुउद्देशीय शिविर
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 17 अक्टूबर 2026 | 04:23 PM9

चंपावत, राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड लोहाघाट के राजकीय इंटर कालेज दशलेख में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा 428 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया, साथ ही 108 लोगों के विभिन्न प्रमाण पत्र भी मौके पर बनाए गए।
प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के लाभ के लिए कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से मुक्ति दिलाना और उनकी छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान करना था। इस शिविर में कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, राजस्व सहित अनेक विभागों ने अपने स्टॉल लगाए। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और पात्र पाए जाने वाले लाभार्थियों को तत्काल लाभान्वित किया।
शिविर के दौरान प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सरकार की लाभकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।
शिविर में कुल 52 शिकायतें और आवेदन विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त हुए। अजय सिंह ने इन सभी प्राप्त शिकायतों व आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, महिला एवं बाल विकास विभाग ने शिविर में गोदभराई की रस्म का भी आयोजन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देना था।
शिविर में तहसीलदार मोईन मलिक, जिला उद्यान अधिकारी योगेश भट्ट, खंड विकास अधिकारी लोहाघाट कविंद्र रावत, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह बोहरा, जिला पंचायत सदस्य पुष्कर राम, ग्राम प्रधान मडुआ पूजा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शंकर राम, ग्राम प्रधान डूंगराबोरा गुड़िया, ग्राम प्रधान मटियानी बद्रीराम, ग्राम प्रधान कमलेड़ी कमल सिंह कुंवर, ग्राम प्रधान भिंडातिवारी लक्ष्मन सिंह भंडारी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
संबंधित ख़बरें

गड़कोट में ‘सप्तेश्वर नागरिक निःशुल्क पुस्तकालय (भेंट घाट)’ का शुभारंभ
25 अक्टूबर 2026 | 03:29 PM

सादर आमंत्रित- सप्तेश्वर नागरिक निःशुल्क पुस्तकालय का उद्घाटन
24 अक्टूबर 2026 | 08:00 PM

सोलर कार बनाने वाले युवा राहुल नरियाल को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
20 अक्टूबर 2026 | 03:06 PM

मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दीं लगभग 96 करोड़ की 16 विकास योजनाओं की सौगात, सर्किट हाउस और पार्क का लोकार्पण
18 अक्टूबर 2026 | 10:29 PM