बागेश्वर

मुख्य विकास अधिकारी ने शामा-लीती क्षेत्र का किया निरीक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 16 सितंबर 2026 | 06:19 PM9

मुख्य विकास अधिकारी ने शामा-लीती क्षेत्र का किया निरीक्षण, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर

बागेश्वर, 16 सितंबर 2026

मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नरेश कुमार ने बुधवार को विकासखंड कपकोट के सुदूरवर्ती शामा-लीती क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, काश्तकारों और स्थानीय उद्यमियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को जाना। श्री कुमार ने विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित की जा रही विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी प्रगति रिपोर्ट ली।

कीवी उद्यान एवं पॉलीहाउस का निरीक्षण

भ्रमण के दौरान, सीडीओ ने उद्यान विभाग की योजना के अंतर्गत ग्राम लीती में श्री खीम सिंह द्वारा अपनी 2 एकड़ भूमि पर स्थापित किए गए कीवी उद्यान एवं पॉलीहाउस का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद, ग्राम शामा में श्री भवान सिंह द्वारा 10 नाली भूमि में स्थापित किए गए कीवी उद्यान का भी जायजा लिया गया। श्री कुमार ने इन काश्तकारों से कीवी उत्पादन की वर्तमान स्थिति, उत्पाद की गुणवत्ता और विपणन की व्यवस्था के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाने और बेहतर विपणन की सुविधा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण

इसी क्रम में, ग्राम नौकोड़ी में प्रस्तावित कोल्ड स्टोरेज के लिए चिन्हित भूमि का भी विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया गया। इस दौरान भूमि की उपयुक्तता और आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई।

लघु उद्यमों और डेयरी इकाइयों की समीक्षा

इसके पश्चात, ग्रामोत्थान (REAP) परियोजना के तहत संचालित और वित्तपोषित विभिन्न लघु उद्यमों, सीबीओ (सामुदायिक आधारित संगठन) स्तरीय उद्यमों (WSE) तथा डेयरी इकाइयों का भी निरीक्षण किया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने इन इकाइयों की अब तक की प्रगति, उनकी आय और रोजगार सृजन की क्षमता की समीक्षा की। उन्होंने इन उद्यमों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।

मत्स्य पालन इकाइयों का अवलोकन

ग्राम लीती में मत्स्य विभाग द्वारा क्लस्टर स्तर पर संचालित रेनबो ट्राउट मत्स्य पालन टैंकों का भी निरीक्षण किया गया। सीडीओ ने मत्स्य पालकों से उत्पादन क्षमता, उनके द्वारा उपयोग किए जा रहे आहार प्रबंधन और विपणन की वर्तमान व्यवस्था संबंधी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उपस्थित मत्स्य पालकों को उनकी समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

उपस्थित अधिकारी

इस महत्वपूर्ण भ्रमण के दौरान खंड विकास अधिकारी कपकोट, उद्यान विभाग के अधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक REAP और जिला मत्स्य निरीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें