मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन: उत्तराखंड के भविष्य पर 3 लाख से अधिक विद्यार्थी करेंगे सीएम धामी के साथ सीधा संवाद
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 10 अगस्त 2026 | 09:08 AM7

देहरादून, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड की नई पीढ़ी के साथ महत्वपूर्ण विषयों पर सीधा संवाद स्थापित करने की एक अनूठी पहल की है। ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम के तहत, राज्य के 2,800 से अधिक विद्यालयों के तीन लाख से अधिक कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थी अपने विचार और सुझाव मुख्यमंत्री के साथ साझा करेंगे। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 10 अगस्त को 11:00 बजे मुख्यमंत्री द्वारा देहरादून से वर्चुअल माध्यम से किया गया।
यह भारत के किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री द्वारा की गई पहली अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य भविष्य के उत्तराखंड की रूपरेखा तैयार करने में युवा विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। ये वे युवा हैं जिन्होंने उत्तराखंड राज्य के गठन के बाद जन्म लिया है और जो आने वाले वर्षों में राज्य की विकास यात्रा के प्रमुख भागीदार होंगे।
विद्यार्थी बताएंगे – कैसा हो अपना उत्तराखंड?
इस कार्यक्रम के अंतर्गत, विद्यार्थियों से हिंदी अथवा अंग्रेजी में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सुझाव आमंत्रित किए जा रहे हैं। इन विषयों में मुख्य रूप से निम्नलिखित शामिल हैं:
- राज्य में पर्यटन विकास की दिशा।
- राज्य में रोजगार के अवसर सृजन।
- राज्य में वन एवं पर्यावरण का संरक्षण एवं विकास।
- राज्य में आधुनिक शिक्षा में सुधार।
- राज्य के विकास में महिलाओं की भूमिका।
- राज्य में सड़क एवं कनेक्टिविटी का विस्तार।
- राज्य में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतरी।
- राज्य में तकनीकी विकास को बढ़ावा।
विद्यार्थी अपने विद्यालयों के माध्यम से ऑनलाइन पोर्टल www.cmvidhyarthimanthan.com पर अपनी प्रविष्टियां अपलोड कर सकेंगे। प्रविष्टि जमा करने की अंतिम तिथि 24 अगस्त निर्धारित की गई है। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रविष्टि सफलतापूर्वक जमा करने पर एक डिजिटल प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। अनुमान है कि इस पहल में 3 लाख से अधिक युवा विद्यार्थी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
150 श्रेष्ठ सुझावों पर मुख्यमंत्री का सीधा संवाद
सभी प्राप्त सुझावों में से लगभग 150 उत्कृष्ट प्रविष्टियों का चयन किया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञों की एक टीम गठित की गई है। चयनित विद्यार्थियों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 16 सितंबर को एक आमने-सामने बैठक में संवाद करेंगे और उनके विचारों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। इस विशेष मंथन सत्र में संबंधित विभागों के सचिव भी उपस्थित रहेंगे। इसका उद्देश्य उपयोगी सुझावों को नीति निर्माण और विकास योजनाओं में शामिल करने की संभावनाओं पर विचार करना है, ताकि राज्य के समग्र विकास को गति मिल सके।
संबंधित ख़बरें

उत्तराखंड में फिर बिगड़ेगा मौसम: 26 और 27 सितंबर को कई जिलों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी, 50 किमी तक चल सकती हैं तेज हवाएं
25 सितंबर 2026 | 03:36 PM

देहरादून में राज्य आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण पर समिति की बैठक संपन्न, पारदर्शिता और निष्पक्षता पर जोर
22 सितंबर 2026 | 05:47 PM

यूपीईएस में 'नशा मुक्त भारत अभियान': छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति किया जागरूक
22 सितंबर 2026 | 05:22 PM

उत्तराखंड में मौसम का कहर: देहरादून-नैनीताल समेत कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी
30 अगस्त 2026 | 10:26 PM