चंपावत

मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा में युवाओं से किया संवाद, 'विकसित भारत 2047' और 'ड्रग फ्री उत्तराखंड' पर जोर

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 31 अगस्त 2026 | 07:16 PM5

मुख्यमंत्री धामी ने बनबसा में युवाओं से किया संवाद, 'विकसित भारत 2047' और 'ड्रग फ्री उत्तराखंड' पर जोर

चंपावत, 31 अगस्त 2026: मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि उत्तराखंड का विकास युवाओं की क्षमता, समर्पण और नए संकल्पों से ही संभव है। उन्होंने यह बात चंपावत जिले के बनबसा में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं को संबोधित करते हुए कही। इस एक दिवसीय भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से सीधे रूबरू होकर उनके सवालों के जवाब दिए और ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ से ‘विकसित भारत 2047’ तक के सफर पर प्रकाश डाला।

युवा संवाद एवं सम्मान समारोह

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी निर्धारित समय पर बनबसा स्थित होटल शुमंगलम पहुंचे, जहां जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती रेखा यादव, अन्य जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और ‘वंदे मातरम’ गान से हुआ, जिसके बाद कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री का युवाओं से सीधा संवाद

मुख्यमंत्री ने उपस्थित युवाओं का अभिनंदन करते हुए उनके प्रश्नों और जिज्ञासाओं का प्रत्यक्ष उत्तर देकर संवाद स्थापित किया। छात्रा मिलन कलखुड़िया द्वारा अपने जीवन सफर पर पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने अपनी संक्षिप्त जीवनी, शिक्षा, युवावस्था और राजनीतिक यात्रा के अनुभव साझा किए। उन्होंने प्रेरणा देते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति जन्म से महान नहीं होता, बल्कि अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी से निर्वहन कर महान बनता है।

नकल विरोधी कानून और रोजगार

छात्रा प्रीति पांडे द्वारा नकल विरोधी कानून की सराहना करते हुए स्थानीय परीक्षा केंद्र टनकपुर में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने कहा कि टनकपुर में परीक्षा केंद्र स्थापित करने हेतु उचित प्रयास किया जाएगा। छात्र सुमित सिंह नायक द्वारा नकल विरोधी कानून और अवस्थापना विकास पर पूछे गए प्रश्न के क्रम में मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत में 56 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि नकल विरोधी सख्त कानूनों से पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है और अब तक 34,000 से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां प्राप्त हुई हैं।

‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ और ‘विकसित भारत 2047’

छात्र रोहित शर्मा द्वारा नशे के खिलाफ संदेश संबंधी जिज्ञासा पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को रेखांकित करते हुए ‘ड्रग फ्री उत्तराखंड’ अभियान की चर्चा की। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को प्रेरित करने का आह्वान किया।

युवा आयोग का गठन और जनसेवा

छात्र नमन पुरी द्वारा युवा आयोग के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में युवा आयोग का गठन किया जा रहा है, जो प्रदेश की युवा प्रतिभाओं को सही दिशा, मार्गदर्शन, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वैभवी जोशी द्वारा जनमानस में प्रचलित उपनामों व जीवन शैली पर किए गए प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने इसे प्रदेशवासियों का स्नेह बताया और कहा कि विषम परिस्थितियों में धैर्य धारण कर जनसेवा करना उनकी प्राथमिकता है।

पहाड़ी भाषा में संवाद

कार्यक्रम के अंत में छात्र अंकित भट्ट ने मुख्यमंत्री के साथ पहाड़ी भाषा में संवाद किया, जिस पर मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पहाड़ी भाषा में जवाब दिया।

युवाओं के सर्वांगीण विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि निष्ठा और परिश्रम के बल पर साधारण व्यक्ति भी सर्वोच्च पद तक पहुँच सकता है। उन्होंने देश की 65 प्रतिशत युवा आबादी को 21वीं सदी की सबसे बड़ी शक्ति बताया और कहा कि सही मार्गदर्शन मिलने पर यही युवा शक्ति देश का परिदृश्य बदल सकती है। उन्होंने अपने ‘विकल्प रहित संकल्प’ को दोहराते हुए कहा कि राज्य में पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के लिए अल्मोड़ा, चमोली और पौड़ी जैसे जनपदों में औद्योगिक पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों के विकास के अंतर्गत चंपावत में आधुनिक पुस्तकालय, राजकीय पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस सेंटर और राज्य के पहले बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने की बात कही।

स्थानीय प्रतिभाओं का सम्मान

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, समाज सेवा, स्वरोजगार तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली स्थानीय युवा प्रतिभाओं को राजकीय सम्मान प्रदान कर प्रोत्साहित किया। इनमें नीट परीक्षा में सफल कु. हिमानी विश्वकर्मा, अमेज़न में उच्च पैकेज प्राप्त करने वाली श्वेता चंद, राष्ट्रीय पैरा आर्म रेसलिंग के स्वर्ण पदक विजेता पवन गढकोटी, खेल व दिव्यांग कल्याण में राज्य स्तरीय दक्षता पुरस्कार विजेता संदीप रस्तोगी, निःशुल्क गौ सेवक पवन मेहता, नशा मुक्ति अभियान के संचालक मनीष सिंह, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सेवारत अजंता विजय, बागवानी से स्वरोजगार स्थापित करने वाले कमल गिरी, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही वीरेंद्र सिंह सामंत, लोक संस्कृति व मीडिया इन्फ्लुएंसर तरुण भट्ट और युवतियों को सेना व पुलिस भर्ती की निःशुल्क ट्रेनिंग देने वाली अरुणिमा रावत शामिल थीं।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें