बागेश्वर में यातायात सुधार के लिए जिलाधिकारी ने दिए पार्किंग निर्माण और कड़े नियमों के निर्देश
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 8 मई 2026 | 10:20 PM3

बागेश्वर: जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और जाम की समस्या के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान नगर क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था, अतिक्रमण हटाने और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिलाधिकारी ने सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को सरयू पुल और झूला पुल के समीप सर्फेस पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए। इसके लिए विभाग को स्थल का सर्वे कर चार दिन के भीतर विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है। वहीं, आरे बाईपास के पास पार्किंग निर्माण के लिए ग्रामीण निर्माण विभाग को सर्वे कर एस्टीमेट तैयार करने और डिग्री कॉलेज तिराहे पर पार्किंग निर्माण हेतु सिंचाई विभाग को एस्टीमेट बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त जजी रोड पर हो रखे अतिक्रमण को हटाने के लिए लोक निर्माण विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नगर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने ‘नो व्हीकल डे’ को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए उन्होंने व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक आयोजित करने और उनके सुझाव लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सड़क पर जगह-जगह खड़े अनधिकृत वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई करने और बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को सीज करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
नगर पालिका को निर्देशित किया गया है कि वे वर्तमान में उपलब्ध पार्किंग स्थलों को अधिक उपयोगी और व्यवस्थित बनाएं। इसके साथ ही उपलब्ध पार्किंग क्षमता का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित कराने के लिए भी अधिकारियों को सक्रिय रहने को कहा गया है। बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा यातायात नियमों के सख्त पालन और सुचारू आवागमन को लेकर यह कार्ययोजना तैयार की गई है।
संबंधित ख़बरें

बागेश्वर में भारी बारिश की चेतावनी, 6 अगस्त को स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद
5 अगस्त 2026 | 07:46 PM

भारी बारिश की चेतावनी: बागेश्वर में 30 जुलाई को स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश
29 जुलाई 2026 | 06:21 PM

बागेश्वर में 28 जुलाई को स्कूल-आंगनबाड़ी बंद, भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
27 जुलाई 2026 | 08:21 PM

बागेश्वर में जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य की चाकू से हमले में मौत, पुलिस जांच में जुटी
18 जुलाई 2026 | 11:33 AM