प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण: पात्र परिवारों के सत्यापन के निर्देश, छूटे लाभार्थियों को सूची में किया जाएगा शामिल
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 6 जुलाई 2026 | 08:26 PM1

चम्पावत: प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत पीएमएवाई-जी 2.0 की सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया जनपद में जारी है। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जीएस खाती ने बताया कि योजना की सूची को अंतिम रूप देने के लिए शासन के निर्देशानुसार सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सभा की बैठकें तथा जिला स्तरीय अपीलीय समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी के अनुसार, पूर्व में किए गए सर्वेक्षण के आधार पर वर्तमान में ग्राम सभाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया जा रहा है। इस संबंध में सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कोई भी पात्र परिवार सर्वेक्षण या सत्यापन प्रक्रिया से वंचित न रहे।
छूटे हुए पात्रों का विवरण मांगा गया
सत्यापन के दौरान ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें कुछ पात्र व्यक्तियों का नाम सूची में शामिल नहीं हो पाया है। ऐसे मामलों के लिए प्रशासन द्वारा आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा रही है। सभी ग्राम प्रधानों से अपने-अपने क्षेत्रों में छूटे हुए पात्र व्यक्तियों का विवरण एकत्र कर परियोजना निदेशक, जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) कार्यालय को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
डीआरडीए कार्यालय से इन प्रकरणों को आवश्यक कार्रवाई के लिए देहरादून स्थित डीआरडीए सेल, उत्तराखंड को भेजा जाएगा, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
अपात्र नामों की भी होगी समीक्षा
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पात्र नागरिकों को इस प्रक्रिया को लेकर चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। साथ ही ग्राम सभाओं से यह भी अपेक्षा की गई है कि यदि सत्यापन के दौरान किसी अपात्र व्यक्ति का नाम पात्रता सूची में शामिल पाया जाता है, तो उसकी समीक्षा कर नियमानुसार सूची से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संबंधित ख़बरें

चंपावत में बाल विधानसभा के लिए चयन प्रक्रिया शुरू: 14-16 वर्ष के छात्र-छात्राएं बनेंगे बाल विधायक
10 सितंबर 2026 | 05:18 PM

चंपावत में संपन्न हुआ किसान दिवस: जिलाधिकारी ने सुनीं समस्याएं, योजनाओं की जानकारी दी
10 सितंबर 2026 | 05:15 PM

चंपावत में एप्पल मिशन से बागवानी को मिली नई रफ्तार, उत्पादकता में 41% की वृद्धि
9 सितंबर 2026 | 06:37 PM

चंपावत के किसानों को मिला नया बाजार: आईटीबीपी को भेजी गईं 16 क्विंटल से अधिक सब्जियां और फल
9 सितंबर 2026 | 12:50 PM