पिथौरागढ़

पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की चौपाल आयोजित, उद्यमियों को किया गया सम्मानित

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 21 अगस्त 2026 | 03:49 PM4

पिथौरागढ़ में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की चौपाल आयोजित, उद्यमियों को किया गया सम्मानित

पिथौरागढ़, 21 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत पिथौरागढ़ विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय चौपाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान, देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के लाइव संबोधन का जनपद स्तर पर सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे पिथौरागढ़ जनपद के उद्यमियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

योजनाओं से मिल रहे नए अवसर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना को इसका एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। श्री प्रसाद ने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया जा रहा है।

उद्यमियों ने साझा किए अनुभव

चौपाल में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने अपने अनुभव और विचार साझा किए। उन्होंने उद्यम स्थापित करने के दौरान आने वाली चुनौतियों, उनके समाधान तथा मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के माध्यम से प्राप्त हो रहे सहयोग, मार्गदर्शन एवं सुविधाओं के बारे में अपने अनुभव बताए। उद्यमियों ने योजना को ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार एवं स्थानीय व्यवसाय को बढ़ावा देने में अत्यंत उपयोगी बताया।

योजना का उद्देश्य और सहायता

मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) तथा स्थानीय उद्यमियों को तकनीकी प्रशिक्षण, विपणन एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाना है। योजना के माध्यम से नए उद्यम शुरू करने के लिए एमएसएमई पंजीकरण, जीएसटी, पैन कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही, स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।

उत्पादों की प्रदर्शनी का निरीक्षण

कार्यक्रम में जनपद के प्रगतिशील उद्यमियों द्वारा अपने उत्पादों एवं सेवाओं की प्रदर्शनी के स्टॉल लगाए गए। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा उद्यमियों द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता एवं उद्यमियों के प्रयासों की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय स्तर पर उपलब्ध संसाधनों और प्रतिभा को उद्यमिता से जोड़कर रोजगार के बेहतर अवसर सृजित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना से जोड़ना जिला प्रशासन की प्रतिबद्धता है। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसके लिए योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा, महिलाएं एवं स्वयं सहायता समूह योजना का लाभ लेकर अपने उद्यम स्थापित कर सकें।

प्रचार वाहन को हरी झंडी

कार्यक्रम के दौरान, मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह प्रचार वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को योजना के उद्देश्यों, लाभों, पात्रता एवं उपलब्ध सहयोग के संबंध में जानकारी देगा और अधिक से अधिक लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगा।

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा

कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिक से अधिक युवाओं एवं महिलाओं को उद्यमिता से जोड़ने के लिए आवश्यक प्रयासों पर भी चर्चा की।

उपस्थित गणमान्य व्यक्ति

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, ब्लॉक प्रमुख कनालीछीना महिमन सिंह कन्याल, गंगोलीहाट के ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न, परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा सहित बड़ी संख्या में महिला एवं युवा उद्यमी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें