नैनीताल

नैनीताल में विकास कार्यों की समीक्षा: मुख्यमंत्री घोषणाओं को समय पर पूरा करने पर जोर

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 19 अगस्त 2026 | 03:54 PM7

नैनीताल में विकास कार्यों की समीक्षा: मुख्यमंत्री घोषणाओं को समय पर पूरा करने पर जोर

नैनीताल, 19 अगस्त 2026। भीमताल विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे ने मुख्यमंत्री घोषणाओं, बीस सूत्री कार्यक्रम, जिला, राज्य, केन्द्र एवं बाह्य सहायतित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नैनीताल जिले की विशेष पहचान को बनाए रखने में सभी विभागों की अहम भूमिका है और विकास कार्यों में यह जिला प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहे, इसका पूर्ण दायित्व सभी अधिकारियों का है।

विकास कार्यों में समन्वय और समयबद्धता पर जोर

मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे आपसी समन्वय से कार्य करें और विकास कार्यों को समय पर पूर्ण करते हुए जनता को योजनाओं का लाभ प्रदान करें। उन्होंने विशेष रूप से मुख्यमंत्री घोषणाओं को गंभीरता से लेने और उन्हें समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। समय पर घोषणा पूर्ण न होने पर संबंधित जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही हेतु उच्चाधिकारियों को संस्तुति की जाएगी। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जिले में एक भी घोषणा लंबित न रहे और अधिकारियों की लापरवाही से विकास कार्य न रुकें।

कार्यदाई संस्थाओं के लिए निर्देश

सभी कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश दिया गया कि वे निर्माण कार्यों को पारदर्शिता, समय से और गुणवत्ता से पूर्ण करें। कार्यवाही न होने पर जिम्मेदारी तय होगी। निर्धारित समय पर निर्माण कार्य पूरे हों, इस हेतु संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत जिम्मेदारी से कार्य करें।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और आजीविका से जुड़े विभागों की भूमिका

कृषि, उद्यान, ग्राम्य विकास, सहकारिता, सिंचाई, मत्स्य, बाल विकास, पशुपालन और रीप जैसे विभाग जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था एवं आजीविका से जुड़े हैं, उनके अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाते हुए ग्रामीण क्षेत्र में जाकर कैंप लगाने, जनता की समस्याओं को सुनने तथा विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान कर उन्हें विकास की मुख्य धारा से जोड़ने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री घोषणाओं की प्रगति

बैठक में अवगत कराया गया कि मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत 237 घोषणाओं में से 127 पूर्ण हो गई हैं और 94 का निस्तारण होना है। लोक निर्माण विभाग में सबसे अधिक 13 घोषणाएं अभी पूर्ण होनी हैं, जिनके त्वरित निस्तारण के निर्देश सभी खंडों के अधिकारियों को दिए गए।

जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशानुसार नैनीताल जिले में प्रथम चरण में 80 गांवों में तार बाढ़ कर फेंसिंग की जा रही है, जिससे किसानों की फसलों को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान को रोका जाएगा और मानव वन्यजीव संघर्ष भी रुकेगा। मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि एवं वन विभाग को आपसी समन्वय बनाते हुए कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।

बीस सूत्री कार्यक्रम के लक्ष्य

बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि नैनीताल जिले की एक अलग पहचान है, इसे कायम रखना है। जो भी लक्ष्य शासन से दिए गए हैं, विभाग की जिम्मेदारी है कि वे समय पर पूर्ण हों। वर्तमान में 30 विभाग ए श्रेणी में हैं, जिन्हें मार्च तक ए श्रेणी में बने रहना है। इसके अतिरिक्त, 6 विभाग बी तथा 2 विभाग सी श्रेणी में हैं, उन्हें तुरंत लक्ष्य की पूर्ति कर ए श्रेणी में आना होगा।

जिला, राज्य और केन्द्र योजनाओं में व्यय की समीक्षा

जिला, राज्य एवं केन्द्र योजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अवगत कराया कि नैनीताल जिला प्रदेश का पहला जिला है, जिसमें वर्तमान वित्तीय वर्ष में सबसे पहले जिला योजना में शत प्रतिशत धनराशि विभागों को आवंटित की गई है। वर्तमान तक विभागों द्वारा लगभग 28 फीसदी धनराशि व्यय कर ली गई है। इसी प्रकार, राज्य योजना में लगभग 45 प्रतिशत और केंद्रीय योजना में लगभग 60 प्रतिशत धनराशि व्यय की गई है। सभी विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष धनराशि का समय पर पूर्ण सदुपयोग के साथ व्यय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

टेंडरिंग और सड़क निर्माण पर निर्देश

सभी कार्यदाई संस्थाओं को निर्देश दिया गया कि जिन योजनाओं में अभी तक टेंडरिंग की कार्यवाही नहीं हो पाई है, वह शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ करें और समय पर पूर्ण करें। सरकारी धनराशि का शत प्रतिशत सदुपयोग होना चाहिए। सभी सड़क निर्माण एजेंसियों को अक्टूबर माह तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के साथ ही, जिन सड़कों में हॉटमिक्स का कार्य किया जाना है, वह भी मौसम अनुकूल होने पर कर लिया जाए।

मानसून काल में पौधारोपण

मानसून काल में पौधारोपण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान वन, उद्यान, भैषज व ग्राम्य विकास विभाग को आगामी 15 सितंबर तक अधिकाधिक पौधों का रोपण करते हुए शत प्रतिशत लक्ष्य की पूर्ति करने के निर्देश दिए गए। लगाए गए पौधों की सुरक्षा का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

बैठक में सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार, अपर जिलाधिकारी सौरभ असवाल, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सीएमओ डॉ रश्मि पंत, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें