जनसमस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: देहरादून जिलाधिकारी ने सुनीं 164 शिकायतें
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 27 जुलाई 2026 | 05:07 PM8

देहरादून, जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और संवेदनशीलता के साथ समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को आयोजित ‘समाधान दिवस’ में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने नागरिकों की विभिन्न शिकायतों को सुना। समाधान दिवस में कुल 164 मामले सामने आए, जिनकी सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को पूरी जवाबदेही के साथ समयबद्ध कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित इस समाधान दिवस में मुख्य रूप से भूमि धोखाधड़ी, अवैध अतिक्रमण, सीमांकन, सामाजिक-आर्थिक सहायता और मानसूनी बारिश से संपत्तियों को हुए नुकसान से जुड़ी शिकायतें दर्ज की गईं। जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
पारिवारिक और आर्थिक सहायता से जुड़ीं शिकायतें
इस अवसर पर ऋषिकेश निवासी विनीता ने अपने बेटे की ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण परिवार के आर्थिक रूप से बर्बाद होने की पीड़ा साझा की और जिलाधिकारी से सहायता की गुहार लगाई। इसी क्रम में, पल्टन बाजार की जुनतारा देवी ने स्वयं के बीमारी के इलाज के लिए, तथा बेटी की स्कूल फीस के लिए आर्थिक सहायता माँगी। वहीं, विधवा अर्चना ने अपनी बेटियों की पढ़ाई के लिए आर्थिक मदद की गुहार लगाई। जिलाधिकारी ने इन मामलों में संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ जांच कर उचित सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
संपत्ति विवाद और प्रताड़ना के मामलों पर त्वरित कार्रवाई
बुजुर्ग राजपाल सिंह ने अपने बेटे पर संपत्ति हड़पने की नीयत से मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाया। इस गंभीर शिकायत पर जिलाधिकारी ने उप-जिलाधिकारी (एसडीएम) को भरण-पोषण अधिनियम के तहत तत्काल वाद दर्ज करने का आदेश दिया। मन्नूगंज की एक बुजुर्ग विधवा की शिकायत पर जिलाधिकारी ने सीओ सिटी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सहारनपुर की विनिता भटेजा द्वारा राजपुर रोड स्थित पैतृक संपत्ति पर अवैध कब्जे की शिकायत पर सीओ मसूरी को मौके पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए गए।
जनसुविधा, अतिक्रमण और सुरक्षा से जुड़े मामले
ग्राम सिंगनीवाला में पड़ोसी के विरोध के कारण बिजली कनेक्शन न मिलने की समस्या और ग्राम मानुवा में बारिश से खतरनाक बने विद्युत पोल की शिफ्टिंग के मामलों पर जिलाधिकारी ने ऊर्जा निगम को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए। ग्राम सिद्धोवाला में सरकारी भूमि पर बाहरी लोगों के कब्जे और ग्राम बादामवाला में नदी श्रेणी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण से गांव की डेमोग्राफी में बदलाव आने की शिकायतों पर एसडीएम विकासनगर को गहन जांच के निर्देश दिए गए।
विकासनगर के डॉक्टरगंज क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों पर लगाम लगाने के लिए संभागीय परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया गया। इसके अलावा, धोरन रोड स्थित सेंट्रल पार्क रेजिडेंसी के समीप सुरक्षा पुस्ता न बनाने पर जिलाधिकारी ने बिल्डर के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए और सिंचाई विभाग को सुरक्षात्मक कार्य का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश जारी किए। चकराता के ग्राम पंचायत डेरियों में सीसी रोड निर्माण की स्वीकृति और ऋषिकेश बाईपास रोड के अधिग्रहित भूमि के एवज में भूमि आवंटन समझौते में तेजी लाने के निर्देश एसएलएओ को दिए गए।
समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) केके मिश्रा, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, तहसीलदार विवेक राजौरी, तहसीलदार सुरेन्द्र देव समेत विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
संबंधित ख़बरें

BSNL Independence Day Offer 2026: ₹1 से लेकर Fiber Super Plus OTT Plan तक कई खास ऑफर
14 अगस्त 2026 | 08:34 PM

BSNL का Freedom Offer: 200 Mbps स्पीड, 5000 GB डेटा और 27+ OTT प्लेटफॉ
13 अगस्त 2026 | 09:16 PM

उत्तराखंड में 14 से 17 अगस्त तक भारी बारिश की चेतावनी, कई जिलों में बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान
13 अगस्त 2026 | 09:08 PM

देहरादून: 15 अगस्त को शिक्षण संस्थानों में दिलाई जाएगी 'कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा'
13 अगस्त 2026 | 11:51 AM