जनपद चंपावत में क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण, एमआरआई मशीन स्थापना की तैयारी
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 6 मार्च 2026 | 05:00 PM2

चंपावत: जनपद चंपावत के जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के उन्नयन के लिए एक 50 बिस्तरों वाली अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कार्य चल रहा है। यह यूनिट आपातकालीन चिकित्सा प्रतिक्रिया परियोजना के अंतर्गत स्थापित की जा रही है, जिसके तहत एमआरआई मशीन की स्थापना भी की जाएगी।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आइसोलेशन वार्ड, आईसीयू ब्लॉक, ऑपरेशन थिएटर, एमआरआई कक्ष और एक्स-रे कक्ष सहित विभिन्न निर्माणाधीन हिस्सों का गहन अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था ब्रिडकुल को निर्देश दिए कि लगभग 2022.90 लाख रुपये की लागत से बन रही इस परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर, तेजी और उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। इसका लक्ष्य जनपद के आम नागरिकों को शीघ्र बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने जानकारी दी कि क्रिटिकल केयर यूनिट में 4 आइसोलेशन वार्ड, 2 आईसीयू वार्ड, 2 ऑपरेशन थिएटर, एमआरआई कक्ष और एक्स-रे कक्ष जैसी आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके पूर्ण होने पर गंभीर एवं आपातकालीन रोगियों को जनपद स्तर पर ही समुचित उपचार मिल सकेगा, जिससे उन्हें बाहर रेफर करने की आवश्यकता में कमी आएगी।
उल्लेखनीय है कि इस यूनिट में आईसीआईसीआई फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) मद से एक एमआरआई मशीन भी स्थापित की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी देवेश चौहान और ब्रिडकुल के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

गड़कोट में ‘सप्तेश्वर नागरिक निःशुल्क पुस्तकालय (भेंट घाट)’ का शुभारंभ
25 अक्टूबर 2026 | 03:29 PM

सादर आमंत्रित- सप्तेश्वर नागरिक निःशुल्क पुस्तकालय का उद्घाटन
24 अक्टूबर 2026 | 08:00 PM

सोलर कार बनाने वाले युवा राहुल नरियाल को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित
20 अक्टूबर 2026 | 03:06 PM

मुख्यमंत्री ने चम्पावत को दीं लगभग 96 करोड़ की 16 विकास योजनाओं की सौगात, सर्किट हाउस और पार्क का लोकार्पण
18 अक्टूबर 2026 | 10:29 PM