चंपावत में 80वां स्वतंत्रता दिवस: शहीदों को नमन, वीर माताओं और 'गुड समेरिटन' ग्रामीणों का सम्मान
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 15 अगस्त 2026 | 03:09 PM5

चंपावत, 15 अगस्त 2026
चंपावत जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस गरिमा और देशभक्ति के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सामूहिक राष्ट्रगान का गायन हुआ। इस अवसर पर ‘वन्दे मातरम्’, ‘भारत माता की जय’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ और ‘जय हिन्द’ के नारे गूंजे।
शहीदों के बलिदान को नमन
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और वीर शहीदों को नमन करते हुए नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, शहीद भगत सिंह, राजगुरु, चन्द्रशेखर आजाद सहित देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सभी अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक स्मरण किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों का त्याग एवं बलिदान राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।
वीर माताओं और वीर नारियों का सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी ने शहीद परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए वीर माताओं और वीर नारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में शहीद राहुल रंसवाल की माता श्रीमती हरु देवी, शहीद सिपाही जगत सिंह की माता श्रीमती बची देवी, शहीद सिपाही विक्रम सिंह की पत्नी श्रीमती पार्वती देवी, तथा भारत-पाक युद्ध 1971 के शहीद सिपाही ज्वाला दत्त की पत्नी श्रीमती रूपी देवी शामिल थीं।
‘गुड समेरिटन’ ग्रामीणों को किया सम्मानित
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने संकट की घड़ी में साहस, मानवता और तत्परता का परिचय देने वाले स्थानीय ग्रामीणों एवं युवाओं को भी सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया। इनमें खाई में उतरकर रास्ता बनाने वाली श्रीमती रूकमणी जोशी एवं श्रीमती जानकी देवी, घायलों को बाहर निकालने वाले श्री राकेश जोशी, श्री सूरज जोशी एवं श्री जोगा दत्त भट्ट, तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने वाले श्री भुवन चन्द्र जोशी, श्री हिमांशु जोशी, श्री राजेन्द्र सिंह, श्री मनोज जोशी एवं श्री चन्द्रप्रकाश भट्ट शामिल रहे। जिलाधिकारी ने उनके साहस और मानवीय संवेदना की सराहना की।
देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति
कार्यक्रम के दौरान जीजीआईसी की छात्राओं ने ‘तेरा हिमालय’ और ‘मिट्टी के बेटे’ जैसे देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को और अधिक देशभक्तिमय बना दिया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के संबोधन सुने
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के स्वतंत्रता दिवस पर दिए गए संबोधन को वर्चुअल माध्यम से सुना गया। उनके द्वारा राष्ट्र निर्माण, विकास, जनकल्याण एवं देश के प्रति नागरिकों के कर्तव्यों को लेकर दिए गए संदेश को उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने गंभीरता से सुना।
विकास यात्रा और राष्ट्र निर्माण का संकल्प
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने कहा कि भारत की विकास यात्रा अपनी विशिष्ट सभ्यता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित रही है। उन्होंने कहा कि आज देश विकसित भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, जिसे साकार करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।
जनपद के विकास पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने जनपद के शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस कर्तव्यों के प्रति संकल्पित होने का अवसर देता है। उन्होंने जनपद के विकास को गति देने, गांवों से पलायन रोकने और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी और परियोजना निदेशक अजय सिंह ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय हित में सौंपे गए दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन का आह्वान किया।
‘ड्रग फ्री देवभूमि’ का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ के संकल्प के अनुरूप सभी ने नशामुक्ति की शपथ ली। उन्होंने स्वयं नशे से दूर रहने तथा समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों से बचाने का संकल्प लिया।
संबंधित ख़बरें

पं. दीनदयाल मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना: चंपावत से श्री बद्रीनाथ धाम की निःशुल्क यात्रा, वरिष्ठ नागरिकों हेतु आवेदन आमंत्रित
13 अगस्त 2026 | 08:37 PM

चंपावत: माँ वाराही शक्तिपीठ देवीधुरा में 23 अगस्त से शुरू होगा ऐतिहासिक असाड़ी कौतिक रक्षाबंधन बगवाल मेला–2026
13 अगस्त 2026 | 06:34 PM

चंपावत: बीएलओ को 13 अगस्त तक फॉर्म-6, 7, 8 की एंट्री और डिजिटाइजेशन पूरा करने के निर्देश
13 अगस्त 2026 | 11:04 AM

चंपावत के स्कूली विद्यार्थियों को नवाचार का अवसर: INSPIRE-MANAK योजना में 15 सितंबर तक करें आवेदन
12 अगस्त 2026 | 08:15 PM