चंपावत

चंपावत: दूरस्थ सिंगदा में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' शिविर में 510 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 29 सितंबर 2026 | 06:53 PM6

चंपावत: दूरस्थ सिंगदा में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' शिविर में 510 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ

चंपावत, 29 सितम्बर 2026 – मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशव्यापी “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत आयोजित “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत चंपावत जनपद के दूरस्थ ग्राम सिंगदा में एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिंगदा, बाराकोट में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने की। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय एवं दर्जा राज्य मंत्री श्री सुभाष बगोली विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ:

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप, दूरस्थ क्षेत्रों के निवासियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ उनके निवास स्थान पर ही उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह शिविर लगाया गया। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर आमजन को योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभान्वित किया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

शिविर में लगभग 510 लाभार्थियों को विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मिला। स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत 118, पंचायती राज विभाग द्वारा 84, पशुपालन विभाग द्वारा 81, उद्यान विभाग द्वारा 74, आयुष एवं होम्योपैथिक विभाग द्वारा 53, कृषि विभाग द्वारा 22, कौशल विकास विभाग द्वारा 14, सहकारिता विभाग द्वारा 10 तथा श्रम विभाग द्वारा 7 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। इसके अतिरिक्त अन्य विभागों ने भी बड़ी संख्या में लोगों को योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा।

जनसमस्याओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश:

कार्यक्रम के दौरान कुल 57 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य केवल आवेदन प्राप्त करना नहीं, बल्कि पात्र मामलों में प्रभावी कार्रवाई करते हुए लोगों को वास्तविक लाभ पहुंचाना है।

ग्राम सिंगदा के हरीश सिंह सामंत ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकरण, मंदिर की सुरक्षा दीवार, फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़, पेयजल पाइपलाइन एवं सड़क सुधारीकरण से संबंधित मांगें रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रकाश सिंह द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास की मांग पर जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ग्राम प्रधान सिंगदा श्रीमती चंद्रा देवी ने एनएच रोड कटिंग के कारण क्षेत्र के कई मकानों को उत्पन्न खतरे की समस्या बताई। इस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी लोहाघाट, अधिशासी अभियंता एनएच एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को संयुक्त रूप से आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंगदा के देवराज सिंह, कुंवर सिंह, राम सिंह, गणेश सिंह सहित अन्य ग्रामीणों द्वारा फसलों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की मांग पर मुख्य कृषि अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, सोलर लाइट, सुरक्षा दीवार, गौशाला, विद्यालयों में बाउंड्री, आवास, खेल मैदान, शौचालय एवं पेयजल से संबंधित आवेदन भी प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

सेवा के साथ सामाजिक सरोकार:

शिविर में सेवा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों की भी एक सुंदर तस्वीर देखने को मिली। “आंगन मिलन” कार्यक्रम के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण संबंधी जानकारी दी गई। गर्भवती प्रीति देवी की गोदभराई की गई और उन्हें पोषण हेतु फलों की टोकरी प्रदान की गई। साथ ही, “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” का संदेश देते हुए केक काटकर बच्ची का जन्मदिन भी मनाया गया।

वित्तीय सहायता एवं उपकरण वितरण:

सहकारिता विभाग द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के अंतर्गत कृषक कुंवर सिंह, आनंद सिंह एवं राजेंद्र सिंह को ब्याज मुक्त ऋण योजना से लाभान्वित करते हुए कृषि कार्य हेतु मौके पर 90 हजार रुपये के ऋण चेक प्रदान किए गए। एआर कोऑपरेटिव श्री डी.एस. नपलच्याल ने कृषकों से सहकारिता से जुड़कर शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। समाज कल्याण विभाग द्वारा लाभार्थी हरिराम एवं जोगा सिंह को मौके पर श्रवण यंत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पाण्डेय, दर्जा राज्य मंत्री श्री सुभाष बगोली, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सीमा आर्या, जिला पंचायत सदस्य श्री योगेश जोशी, श्री गिरीश कुंवर, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, उप जिलाधिकारी लोहाघाट श्रीमती नीतू डागर, नोडल अधिकारी एवं महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सुश्री सुमेधा पंत, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल श्री विजय कुमार सकारिया, अधिशासी अभियंता जल संस्थान श्री आर.पी. डोभाल, अधिशासी अभियंता जल निगम श्री अशोक स्वरूप, डीपीआरओ श्री महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें