चंपावत: टनकपुर में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' शिविर में 500 से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ
गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 25 सितंबर 2026 | 08:39 PM12

चंपावत, 25 सितम्बर 2026, सूवि। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में प्रदेशव्यापी “सेवा संकल्प अभियान” के तहत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज टनकपुर में किया गया। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार की अध्यक्षता एवं दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती हेमा जोशी सहित गणमान्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में इस बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ हुआ।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार: जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मौके पर
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य प्रशासन और विभिन्न विभागों को एक ही मंच पर लाकर आमजन की समस्याओं, मांगों एवं आवेदनों को सुनना तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करना था। जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
500 से अधिक लाभार्थियों ने उठाया योजनाओं का लाभ
शिविर में 500 से अधिक लाभार्थियों ने विभिन्न विभागीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल से 52, होम्योपैथिक विभाग से 55, आयुष विभाग से 50, पशुपालन विभाग से 51, डेयरी विभाग से 32, सहकारिता विभाग से 30, राजस्व विभाग से 26, उद्यान विभाग से 49, कृषि विभाग से 24, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग से 12, मत्स्य विभाग से 17, महिला एवं बाल विकास विभाग से 20 तथा जिला पंचायती राज विभाग से 10 लाभार्थियों सहित अन्य विभागों के माध्यम से भी लोगों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से लाभान्वित किया गया।
90 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त, त्वरित निस्तारण के निर्देश
“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत कुल 90 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण करते हुए नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव है, उनका तत्काल निस्तारण किया जाए और अन्य प्रकरणों पर प्राथमिकता से कार्रवाई की जाए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रथम शिविर का आयोजन
जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने बताया कि यह “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तहत जनपद में आयोजित प्रथम शिविर था। उन्होंने कहा कि शिविर में लोगों से प्राप्त मांगों, शिकायतों, आवेदनों एवं सुझावों पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। जो सहायता तत्काल उपलब्ध कराई जा सकती है, उसे शिविर में ही नागरिकों को प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम शिविर के बाद जनपद में आठ अन्य शिविर भी आयोजित किए जाएंगे, जिनमें विभागीय अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं के समाधान के साथ पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करेंगे।
त्वरित कार्यवाही से राहत: क्षतिग्रस्त मकान के लिए सहायता राशि जारी
“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के दौरान प्राप्त एक प्रकरण का जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के निर्देश पर त्वरित निस्तारण किया गया। उपजिलाधिकारी टनकपुर श्री प्रमोद कुमार ने देवीदत्त जोशी के आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त मकान के लिए नियमानुसार 6,500 रूपये की सहायता राशि तत्काल प्रदान की, जिससे प्रभावित परिवार को मौके पर ही राहत मिली।
अन्य महत्वपूर्ण मामले और उनके समाधान के निर्देश
शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने समस्याओं पर तत्परता से कार्रवाई के निर्देश दिए। गैंडाखाली निवासी श्री रोशन सिंह ने स्थायी निवास प्रमाण पत्र नहीं बन पाने की समस्या रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एवं एसडीएम पूर्णागिरि को प्रकरण का तत्काल परीक्षण करते हुए नियमानुसार स्थायी निवास प्रमाण पत्र बनाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थ्वालखेड़ा निवासी श्रीमती नीलावती ने एपीएल राशन कार्ड को बीपीएल श्रेणी में किए जाने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी को पात्रता एवं नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार नायकगोठ निवासी श्रीमती कंचन देवी ने सोलर लाइट एवं सीसी मार्ग की मांग रखी, जबकि मझगांव के स्थानीय लोगों द्वारा सीसी मार्ग निर्माण की मांग की गई। थ्वालखेड़ा निवासी श्रीमती हेमा जोशी ने पंचायत के नाम में संशोधन तथा श्रीमती हीरा देवी ने आर्थिक सहायता के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी प्रकरणों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं के माध्यम से यथासंभव लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय प्रशासन और सरकारी सेवाओं को उनके नजदीक उपलब्ध कराना है। शिविरों में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर जिम्मेदारी के साथ कार्रवाई करते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित किया जाए।
स्वरोजगार को बढ़ावा: शून्य ब्याज पर ऋण वितरित
इस दौरान सहकारिता विभाग द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत चम्पावत सहकारी समिति के माध्यम से अपने सदस्यों को दीनदयाल योजना से लाभान्वित किया गया। लाभार्थियों को सुधारक पशु एवं पोल्ट्री मेले के अंतर्गत शून्य ब्याज पर ऋण के चेक वितरित किए गए। भुवन राम पुत्र श्री हरी राम को सुधारक पशु हेतु 1 लाख 50 हजार रूपये तथा गणेश कुमार पुत्र श्री बहादुर सिंह, पूरन लाल पुत्र श्री चन्दन राम और मोहन कुमार पुत्र श्री बहादुर सिंह को पोल्ट्री मेले के अंतर्गत प्रत्येक को 1 लाख 60 हजार रूपये का शून्य ब्याज पर ऋण के चेक प्रदान किये गए।
उपस्थित गणमान्यजन
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्री मनोज कालाकोटी, दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती किरन देवी, मा. विधायक प्रतिनिधि श्री दीपक रजवार, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार वर्मा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा विश्वकर्मा, मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय सिंह, एसडीएम टनकपुर श्री प्रमोद कुमार, एपीडी सुश्री विम्मी जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी श्री धनपत कुमार, जिला उद्यान अधिकारी श्री योगेश भट्ट, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल श्री विजय कुमार सकारिया, अधिशासी अभियंता जल संस्थान श्री आर.पी. डोभाल, डीपीआरओ श्री महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संबंधित ख़बरें

चंपावत: दूरस्थ सिंगदा में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' शिविर में 510 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ
29 सितंबर 2026 | 06:53 PM

चंपावत: अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा, शीघ्र मिलेगी सहायता
28 सितंबर 2026 | 06:51 PM

चंपावत में 14 नवंबर से शुरू होगी जनगणना की स्व-गणना, जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा
28 सितंबर 2026 | 06:48 PM

चंपावत: त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों हेतु उप निर्वाचन कार्यक्रम घोषित, 12 को मतदान, 14 को मतगणना
26 सितंबर 2026 | 07:52 PM