चंपावत

चंपावत को ₹62.96 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात: सीएम धामी ने 50 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 27 अगस्त 2026 | 07:17 PM10

चंपावत को ₹62.96 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात: सीएम धामी ने 50 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास

चंपावत, 27 अगस्त 2026, सूवि।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन के अवसर पर चंपावत जनपद को ₹62.96 करोड़ की लागत वाली 50 विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में 20 योजनाओं का लोकार्पण और 30 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास किया।

विकास योजनाओं का व्यापक शुभारंभ

मुख्यमंत्री के एक दिवसीय चंपावत दौरे के दौरान, जनपद के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण को समर्पित कुल 50 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 6296.87 लाख रुपये (बांसठ करोड़ छियानवे लाख सत्तासी हज़ार रुपये) है। यह पहल जनपद में बुनियादी सुविधाओं, जन-सुविधाओं और क्षेत्रीय विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।

लोकार्पित योजनाएं: ₹11.07 करोड़ की 20 परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने ₹1107.75 लाख रुपये की कुल लागत वाली 20 विभिन्न योजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता की सेवा में समर्पित किया। इन लोकार्पित योजनाओं में लोक निर्माण विभाग, उत्तराखंड पेयजल निगम, पर्यटन विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, चंपावत के अंतर्गत धूनाघाट-बसौट मोटर मार्ग नव निर्माण स्टेज-1 (₹83.46 लाख) और महत्वपूर्ण मार्गों पर सुरक्षात्मक कार्य (₹291.44 लाख) का लोकार्पण किया गया।

निर्माण इकाई, उत्तराखंड पेयजल निगम, लोहाघाट द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनबसा में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (₹50.00 लाख), देविधुरा, रीठा साहिब और पाटी में हेलीपैड निर्माण (प्रत्येक ₹16.35 लाख), विभिन्न विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा कक्ष, कंप्यूटर कक्ष और विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण (₹22.08 लाख से ₹26.77 लाख तक), सेलाकुई में अस्थायी कार्यालय व स्टोर (₹19.75 लाख), तथा बाराकोट, पाटी, लोहाघाट और चंपावत में संग्रहण केंद्र निर्माण (प्रत्येक ₹22.42 लाख) का लोकार्पण किया गया। वूमेन टेक्नोलॉजी पार्क (WTP) चंपावत में लैब निर्माण (₹29.98 लाख) भी लोकार्पित योजनाओं में शामिल है।

पर्यटन विभाग, चंपावत के अंतर्गत सिद्ध नरसिंह मंदिर का वास्तुकला सौन्दर्यीकरण (₹100.00 लाख), तामली में दशहरा महोत्सव मेला स्थल सौन्दर्यीकरण (₹85.80 लाख), और दुबचौड़ा में रामलीला मंच निर्माण (₹91.89 लाख) का लोकार्पण हुआ।

ग्रामीण निर्माण विभाग, चंपावत के तहत रिपोर्टिंग पुलिस चौकी देवीधुरा (थाना पाटी) का प्रशासनिक भवन (₹118.40 लाख) भी लोकार्पित किया गया।

शिलान्यास योजनाएं: ₹51.89 करोड़ की 30 परियोजनाएं

क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और भविष्य की विकास आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए, मुख्यमंत्री ने ₹5189.12 लाख रुपये की कुल लागत की 30 नई विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इन योजनाओं में सड़क सुधार, भवन निर्माण, खेल मैदान विकास और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।

प्रांतीय खंड, लोक निर्माण विभाग, चंपावत के अंतर्गत इजरखंदक चौड़ाख्याली मोटर मार्ग सुधारीकरण एवं डामरीकरण (₹121.31 लाख), नरसिंहडांडा मेरोली मोटर मार्ग से बासिमार तोक तक मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण (₹191.08 लाख), मंच-कारी मोटर मार्ग (02 किमी) का सुधारीकरण एवं डामरीकरण (₹264.24 लाख), और चंपावत-खेतीखान मोटर मार्ग के एक हिस्से का डामरीकरण (₹79.46 लाख) शामिल है।

उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड, निर्माण खंड हल्द्वानी द्वारा गोरखा नगर में अंबेडकर भवन निर्माण (₹283.00 लाख), जेएनवी लटोली में क्रीड़ा मैदान व व्यायामशाला कक्ष निर्माण (₹99.44 लाख), और तामली से रूपालिगाड के बीच मोटर मार्ग निर्माण (₹79.44 लाख) की आधारशिला रखी गई।

ग्राम्य विकास विभाग, चंपावत के तहत ग्राम पंचायत मोत्युराज में मां कढ़ाई मंदिर सौन्दर्यीकरण (₹25.00 लाख), विकासखंड बाराकोट में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व० कल्याण सिंह अधिकारी स्मारक मूर्ति स्थापना (₹32.49 लाख), चंपावत में महिला प्रौद्योगिकी पार्क स्थापना (₹60.00 लाख), और टनकपुर व बनबसा ग्रामीण क्षेत्रों में आंतरिक मार्ग निर्माण (₹437.87 लाख) की घोषणा की गई।

ग्रामीण निर्माण विभाग, चंपावत के अंतर्गत ग्राम पंचायत मैरोली और बड़पास में इण्टरलॉकिंग टाईल्स का निर्माण (₹158.04 लाख और ₹231.56 लाख), राइका बारकोट में पुस्तकालय निर्माण (₹57.90 लाख), डुंगरासेटी में सीसी रोड निर्माण (₹91.50 लाख), ग्राम पंचायत डुंगरीफर्त्याल में शिव मंदिर सौन्दर्यीकरण (₹75.00 लाख), और जीआईसी पाटी में पुस्तकालय निर्माण (₹50.90 लाख) शामिल हैं।

ऊर्जा विभाग, चंपावत द्वारा ककराली गेट टनकपुर से मां पूर्णागिरी धाम मुख्य मार्ग पर स्ट्रीट लाइट कार्य (₹500.00 लाख) का शिलान्यास हुआ।

जिला पंचायत विभाग, चंपावत के तहत मां पूर्णागिरी धाम सैलागाड़ में इण्टरलॉकिंग टाईल्स (₹19.68 लाख) और सेलगाड से कोटकेंद्री तक संपर्क मार्ग निर्माण (₹40.53 लाख) की घोषणा की गई।

युवा कल्याण विभाग, चंपावत द्वारा बनबसा में मिनी स्टेडियम/खेल मैदान निर्माण (₹98.09 लाख) की आधारशिला रखी गई।

निर्माण इकाई, उत्तराखंड पेयजल निगम, लोहाघाट द्वारा राजकीय उद्यान केंद्र दिगालीचौड़ और खतेड़ा में नलकूप निर्माण (₹40.02 लाख और ₹29.41 लाख), थाना पाटी, कोतवाली पंचेश्वर और थाना रीठासाहिब में आवास निर्माण (₹302.17 लाख से ₹347.30 लाख तक), और तहसील पूर्णागिरी (टनकपुर) में डीएम कैंप कार्यालय व आवास (₹478.31 लाख) की परियोजनाएं शिलान्यास की गई।

पर्यटन विभाग, चंपावत के अंतर्गत चंपावत में एडवेंचर पार्क निर्माण (₹305.34 लाख) और डाडा ककनई क्षेत्र में पैराग्लाइडिंग क्षेत्र का विकास (₹277.33 लाख) की घोषणा हुई।

नगर पंचायत, बनबसा द्वारा नगर पंचायत में मोटर मार्ग व नाली निर्माण (₹99.61 लाख) की आधारशिला रखी गई।

दुर्गम क्षेत्रों के विकास के प्रति प्रतिबद्धता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के दुर्गम एवं सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ये विकास कार्य चंपावत की प्रगति में मील का पत्थर साबित होंगे।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें