चंपावत

गड़कोट में युवाओं ने शुरू की 'भेंटघाट लाइब्रेरी', बच्चों को मिलेगा सीखने का नया मंच

गीता जोशी (संपादक)प्रकाशित: 7 अक्टूबर 2026 | 09:51 AMअपडेट: 7 अक्टूबर 2026 | 10:23 AM130

गड़कोट में युवाओं ने शुरू की 'भेंटघाट लाइब्रेरी', बच्चों को मिलेगा सीखने का नया मंच

चंपावत, जिले के गांव गड़कोट में स्थानीय युवाओं ने पहल करते हुए बच्चों और युवाओं के लिए एक ‘भेंटघाट लाइब्रेरी’ की शुरुआत की है। यह पहल पूरी तरह निःशुल्क है और इसका मुख्य उद्देश्य गांव के बच्चों को किताबों, डिजिटल संसाधनों तथा सीखने के नए अवसरों से जोड़ना है।

गांव के युवाओं का मानना है कि गड़कोट में बच्चों में प्रतिभा और सीखने की ललक की कोई कमी नहीं है। हालांकि, स्कूल की पढ़ाई के अतिरिक्त, उन्हें उच्च गुणवत्ता वाली किताबों, कंप्यूटर, डिजिटल उपकरणों और करियर संबंधी जानकारी तक सीमित पहुंच ही मिल पाती है। इसी वजह से आगे की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के अवसरों के लिए बच्चों को अक्सर गांव से बाहर जाना पड़ता है। भेंटघाट लाइब्रेरी के माध्यम से युवाओं का प्रयास है कि बच्चों को गांव में ही एक ऐसा खुला मंच मिले, जहां वे सीख सकें और अपने भविष्य के विकल्पों को बेहतर ढंग से समझ सकें।

इस लाइब्रेरी को केवल एक पठन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि एक ‘लर्निंग स्पेस’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां बच्चे न केवल किताबें पढ़ सकेंगे, बल्कि चर्चाओं, रचनात्मक गतिविधियों और डिजिटल लर्निंग से भी जुड़ सकेंगे।

स्थानीय ज्ञान और संस्कृति का दस्तावेजीकरण

इस अनूठी पहल को ‘Untold Stories of Kumaon’ से भी जोड़ा गया है। इसके तहत, बच्चे गांव के बुजुर्गों से स्थानीय कहानियां, इतिहास, लोकज्ञान और संस्कृति के बारे में जानकारी हासिल करेंगे और उसे व्यवस्थित रूप से दर्ज करने का प्रयास करेंगे। यह प्रयास क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित करने में सहायक होगा।

विभिन्न संगठनों का सहयोग

लाइब्रेरी को स्थापित और संचालित करने के लिए Himal Prakarti, Goonj, Rangkaarwaan, Citizen Library और Free Library Network जैसे कई लोगों और संगठनों से सहयोग मिल रहा है। डॉ. विनोद जोशी भी इस महत्वपूर्ण पहल में अपना योगदान दे रहे हैं।

शेयर करें:WhatsAppFacebook

संबंधित ख़बरें